नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स: राष्ट्रपति मुर्मु ने पैरा-स्पोर्ट्स सितारों को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में पैरा-एथलीट एकता भ्याण और निशानेबाज रुद्रांश सहित कई दिग्गजों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया।

देश के राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में एक गरिमामय समारोह के दौरान भारत के दिग्गज खिलाड़ियों और कोचों को नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2025 से सम्मानित किया। इस खास मौके पर विशेष रूप से उन दिव्यांग खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और तिरंगे का मान बढ़ाया।
पुरस्कारों की यह सूची सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (रिटायर्ड) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर तैयार की गई थी। राष्ट्रपति ने पैरा-एथलेटिक्स की चमकती सितारा एकता भ्याण, पैरा-निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल और डेफ-निशानेबाज धनुष श्रीकांत सहित कई अन्य दिग्गजों को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान
पैरा-एथलेटिक्स में क्लब थ्रो की माहिर एकता भ्याण ने अपनी मेहनत से दुनिया में पहचान बनाई है। उन्होंने कोबे में आयोजित 2024 वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता और इसके बाद नई दिल्ली में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। एकता के पास पेरिस में आयोजित विश्व चैंपियनशिप का ब्रोंज मेडल भी है। साथ ही, उन्होंने जकार्ता एशियाई पैरागेम्स में गोल्ड और हांगझोऊ में सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है।
निशानेबाजी की दुनिया में रुद्रांश खंडेलवाल ने अपनी सटीक निशानेबाजी से सबको प्रभावित किया है। उन्होंने हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स 2023 में दो सिल्वर मेडल जीते। इसके अलावा, वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स (WSPS) वर्ल्ड कप में चांगवोन में एक गोल्ड और अल ऐन (यूएई) में दो गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने अपनी श्रेष्ठता साबित की।
वहीं, डेफ-निशानेबाज धनुष श्रीकांत को भी उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार दिया गया। धनुष ने वर्ल्ड डेफ शूटिंग चैंपियनशिप और समर डेफलिंपिक्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाया है।