दिल्ली में नेशनल लोक अदालत की तारीख बदली, अब 9 जनवरी 2027 को होगा आयोजन
दिल्ली में नेशनल लोक अदालत अब 9 जनवरी 2027 को होगी। ट्रैफिक चालान और सिविल मामलों के निपटारे के लिए जारी हुई नई गाइडलाइन।

अगर आप दिल्ली में अपने किसी कानूनी मामले या ट्रैफिक चालान के निपटारे के लिए नेशनल लोक अदालत का इंतजार कर रहे थे, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है। दिल्ली में आयोजित होने वाली National Lok Adalat Delhi की तारीख बदल दी गई है। पहले यह आयोजन 12 दिसंबर 2026 को होना था, लेकिन अब इसे स्थगित कर शनिवार, 9 जनवरी 2027 तय किया गया है।
दिल्ली राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण (DSLSA) ने इस बदलाव की आधिकारिक सूचना जारी की है। दरअसल, दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने 12 दिसंबर 2026 (जो कि दूसरा शनिवार है) को अधीनस्थ न्यायालयों के लिए वर्किंग डे घोषित कर दिया था, जिसके बाद लोक अदालत की तारीख में यह बदलाव करना पड़ा। नेशनल लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (NALSA) के तत्वावधान में होने वाली इस अदालत में आपसी सहमति से सिविल और कंपाउंडेबल क्रिमिनल मामलों को सुलझाया जाएगा।
ट्रैफिक चालान निपटारे के लिए ऐसे मिलेगा टोकन
इस लोक अदालत की सबसे खास बात यह है कि इसमें 30 सितंबर 2026 तक जारी किए गए ट्रैफिक चालानों का निपटारा किया जा सकेगा। जो लोग अपने चालान सेटल करना चाहते हैं, वे 4 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट से टोकन डाउनलोड कर सकते हैं। ध्यान रहे कि यह सुविधा तब तक उपलब्ध रहेगी जब तक निर्धारित चालानों की कुल सीमा पूरी नहीं हो जाती। हालांकि, यह स्पष्ट कर दिया गया है कि तलाक के मामले इस सत्र के दायरे से बाहर रहेंगे।
यह पूरी प्रक्रिया शहर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें तीस हजारी, कड़कडूमा, पटियाला हाउस, रोहिणी, साकेत, द्वारका और राउज एवेन्यू के जिला अदालत परिसर शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली हाई कोर्ट, डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल (DRT), स्थायी लोक अदालतें और जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोगों में भी मामलों की सुनवाई और निपटारा किया जाएगा।