नजफगढ़ में बेटे को बचाने आई मां की चाकू मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे को बचाने की कोशिश में उसकी मां की जान चली गई। यह पूरा मामला आपसी झगड़े और हिंसा के खौफनाक मोड़ पर खत्म हुआ, जिसमें एक महिला की चाकू लगने से मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
घटना की शुरुआत 15 अक्टूबर की देर रात हुई। मृतक महिला, सीमा ऋषि के बेटे ध्रुव ऋषि ने बताया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। देखते ही देखते उनके बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। ध्रुव के अनुसार, उसके दोस्त ने घर फोन करके उसकी मां को इस झगड़े की जानकारी दी। जैसे ही सीमा ऋषि अपने बेटे को बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं, हमलावरों ने उन पर और उनके पति कमल ऋषि पर चाकू से हमला कर दिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल सीमा ऋषि को तुरंत पास के सरकारी केंद्र और फिर दीन दयाल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 17 अक्टूबर को उन्होंने दम तोड़ दिया। पीड़ित पति कमल ऋषि ने बताया कि वे केवल मामले को शांत कराने वहां गए थे, लेकिन उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की और सीमा के पति की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर 16 अक्टूबर को सतीश लांबा नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी सतीश लांबा और मेडिकल रिपोर्ट (MLR) के आधार पर पुलिस ने ध्रुव ऋषि और उसके दोस्तों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद की शुरुआत ध्रुव और उसके दोस्तों द्वारा सतीश को गाली देने से हुई थी, जिसमें ध्रुव ने सतीश की बाईं जांघ में चाकू मारकर घायल कर दिया था।
फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है और बाकी दो फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और सबूतों के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।