सवाई माधोपुर स्टेशन पर नई दिल्ली-अंबेडकर नगर एक्सप्रेस की पावर कार में लगी आग, टला बड़ा हादसा

सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बचा। नई दिल्ली से डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20156) के जेनरेटर सह सामान डिब्बे (पावर कार) में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई की वजह से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया गया।
घटना सोमवार, 20 अक्टूबर 2026 की है। यह ट्रेन कोटा डिवीजन के सवाई माधोपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर सुबह 4:16 बजे पहुंची थी। जैसे ही सुबह 4:26 बजे ट्रेन को रवाना होने का सिग्नल मिला, तभी पावर कार से धुआं और चिंगारियां निकलती देखी गईं। वहां मौजूद रेल कर्मचारियों ने तुरंत खतरे को भांपा और अलर्ट जारी किया।
फायर डिटेक्शन सिस्टम और कर्मचारियों की मुस्तैदी ने बचाई जान
जैसे ही आग की आहट हुई, पावर कार में लगा ऑटोमैटिक 'फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम' (FSDS) सक्रिय हो गया। इसके साथ ही मौके पर मौजूद स्टाफ ने ट्रेन मैनेजर को सूचित किया और पोर्टेबल अग्निशामक यंत्रों (Fire Extinguishers) की मदद से आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर, क्षतिग्रस्त पावर कार को इंजन से अलग कर दिया गया।
बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था करने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस पूरी प्रक्रिया और सुरक्षा जांच के कारण ट्रेन करीब तीन घंटे की देरी से चली। रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के भी सामान को नुकसान नहीं पहुंचा है।