मूसलाधार बारिश के बीच गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर भीषण हादसा, पेड़ से टकराई कार, युवक की मौत

Kittu Kumari16 August 20262 min read107 viewsNational
मूसलाधार बारिश के बीच गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर भीषण हादसा, पेड़ से टकराई कार, युवक की मौत

मुजफ्फरनगर जनपद में रविवार तड़के मूसलाधार बारिश के बीच गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गांव पाल के सामने तेज रफ्तार वैगनआर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े खजूर के पेड़ से जा टकराई, जिससे कार सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गुरुग्राम निवासी यश (30) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में चार अन्य युवक घायल हुए हैं।

हरिद्वार घूमने जा रहे थे पांच दोस्त


गुरुग्राम के स्पोर्ट विलेज सेक्टर-2 निवासी यश अपने दोस्तों विवेक, मोहित, अनिल और विशाल के साथ वैगनआर कार से गुरुग्राम से हरिद्वार घूमने के लिए निकले थे। रविवार तड़के करीब चार बजे जब उनकी कार गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर गांव पाल के सामने पहुंची, तभी बारिश के बीच कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े खजूर के पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक घायल अवस्था में फंस गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने यश को किया मृत घोषित


अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने गुरुग्राम निवासी यश उम्र करीब 30 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विवेक की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों मोहित, अनिल और विशाल का सीएचसी में उपचार किया गया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक यश के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने बताया कि यश गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करता था।

पुलिस ने शव मोर्चरी भेजा और शुरू की जांच


पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सीओ खतौली रुपाली रॉय चौधरी ने बताया कि गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर हादसे में एक युवक की मौत हुई है और शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया है। हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त कार को मार्ग से हटवाया।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment