कांवड़ यात्रा में मुज़फ़्फ़रनगर प्रशासन की मुस्तैदी: दो शिवभक्तों की तबीयत बिगड़ने पर मिनटों में पहुंची मदद, बचाई जान

मुज़फ़्फ़रनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता से दो शिवभक्तों की जान बचाई गई है। गुरुवार देर शाम दो अलग-अलग स्थानों पर अचानक तबीयत बिगड़ने पर श्रद्धालुओं को मिनटों में अस्पताल पहुंचाया गया।
रामपुर तिराहे पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संभाला मोर्चा
गुरुवार देर शाम पहली घटना रामपुर तिराहे पर हुई, जहां प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और सीओ अमित कुमार कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहा एक शिवभक्त अचानक सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। मंत्री कपिल देव अग्रवाल तुरंत श्रद्धालु के पास पहुंचे और उन्होंने आसपास मौजूद लोगों तथा पुलिसकर्मियों की मदद से कांवड़िए को संभालते हुए बिना समय गंवाए अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था कराई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भी तेजी से हालात को नियंत्रित किया और श्रद्धालु को सुरक्षित उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
शिव चौक पर परिक्रमा के दौरान बिगड़ी दिल्ली के श्रद्धालु की तबीयत
दूसरी घटना देर रात शहर के ऐतिहासिक शिव चौक पर हुई। यहां परिक्रमा कर रहे 23 वर्षीय जतिन पुत्र राजू, निवासी शास्त्री नगर, दिल्ली की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चलते-चलते वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही शिव चौक स्थित आबकारी पुलिस चौकी प्रभारी शशि कपूर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से श्रद्धालु को संभाला तथा तत्काल इमरजेंसी एंबुलेंस बुलवाई।
पुलिस ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर, समय पर मिला इलाज
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण एंबुलेंस को निकलने में दिक्कत हो रही थी। ऐसे में पुलिस ने तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाया, रास्ता खाली कराया और एंबुलेंस को एस्कॉर्ट करते हुए जिला अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने जतिन का इलाज शुरू कर दिया। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस बल, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवाएं, ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार सक्रिय हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा रही है और समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से दोनों श्रद्धालुओं का इलाज संभव हो सका।