दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगी भीषण आग, कई जगहों पर मचा हड़कंप

दिल्ली के पांडव नगर, हौज खास और विवेक विहार में अलग-अलग स्थानों पर लगी भीषण आग, दिल्ली फायर सर्विस ने पाया काबू।

Kittu Kumari3 November 20261 min read0 viewsDelhi Local
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगी भीषण आग, कई जगहों पर मचा हड़कंप

मंगलवार की सुबह दिल्ली के लिए काफी तनावपूर्ण रही। राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ कई जगहों पर आग लगने की खबरें सामने आईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इन घटनाओं में किसी की जान नहीं गई, लेकिन संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की टीमें सुबह से ही इन हादसों को नियंत्रित करने में जुटी रहीं।

सबसे गंभीर घटना पांडव नगर इलाके में राधा कृष्ण मंदिर और मदर डेयरी के पास एक रिहायशी इमारत में हुई। यहां आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत की सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और दो इलेक्ट्रिक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की लपटों को देख लोग अपनी जान बचाने के लिए बालकनियों और सीढ़ियों का सहारा लेकर बाहर निकलने को मजबूर हो गए। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं और सुबह करीब 8:20 बजे तक आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में यह मामला शॉर्ट सर्किट का लग रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।

हौज खास और विवेक विहार में भी लगी आग

आग की एक और घटना हौज खास इलाके में सामने आई, जहां डीसीपी ऑफिस के ठीक सामने स्थित एक बुटीक (मकान नंबर 253) में आग लग गई। फायर विभाग को सुबह 7:30 से 7:31 के बीच इसकी सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत छह फायर यूनिट्स को मौके पर रवाना किया गया। इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ।

वहीं, दिल्ली के विवेक विहार इलाके में भी आग की एक घटना दर्ज की गई। इस हादसे में दो बुजुर्ग धुएं की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। आनन-फानन में दोनों बुजुर्गों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment