नोएडा की मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी में दूषित पानी की शिकायत पर जांच शुरू, दिए गए निर्देश

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रान-3 स्थित मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी में दूषित पानी की शिकायत मिलने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस मामले में प्राधिकरण के अधिकारियों ने पानी के नमूने लिए हैं और टैंक की सफाई के निर्देश दिए हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर जल विभाग की टीम ने सोसाइटी का निरीक्षण किया। इस टीम में वरिष्ठ प्रबंधक जल चेतराम सिंह, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और सहायक प्रबंधक गौरव बघेल शामिल रहे। टीम ने सोसाइटी के पास स्थित प्राधिकरण के नलकूप से पानी का नमूना लिया, जिसमें प्राथमिक जांच के दौरान पानी का टीडीएस 200 पाया गया जो निर्धारित अधिकतम 500 के मानक के भीतर है।
लैब में होगी पानी की जांच और नोटिस जारी
जांच टीम ने सोसाइटी से पानी के नमूने लेकर उन्हें श्रीराम टेस्ट लैब में विस्तृत जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक जांच में नलकूप के पानी का टीडीएस मानक के भीतर मिलने के कारण, टीम ने आशंका जताई है कि पानी की गुणवत्ता की समस्या सोसाइटी के आंतरिक जलापूर्ति नेटवर्क में हो सकती है। इसके बाद जल विभाग ने सोसाइटी प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
टैंक की सफाई और पाइपलाइन की जांच के निर्देश
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, प्राधिकरण द्वारा सोसाइटी के टैंक तक जलापूर्ति की जाती है और इसके आगे आंतरिक जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी बिल्डर या सोसाइटी प्रबंधन की होती है। प्राधिकरण ने सोसाइटी प्रबंधन को पानी के टैंक की सफाई कराने और आंतरिक पाइपलाइन का परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। लैब जांच की रिपोर्ट आने के बाद पानी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और अधिक स्पष्ट होगी।