WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं? गृह मंत्रालय ने जारी की जरूरी चेतावनी, तुरंत बदलें ये आदतें
गृह मंत्रालय की साइबर यूनिट ने WhatsApp Web के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर चेतावनी जारी की है। जानें कैसे बचाएं अपना अकाउंट हैकिंग से।

अगर आप अपने कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। गृह मंत्रालय (MHA) के तहत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने WhatsApp Web safe use को लेकर एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि आप सावधानी नहीं बरतते हैं, तो आपके अकाउंट का गलत इस्तेमाल हो सकता है और आपकी निजी जानकारी चोरी हो सकती है।
एडवाइजरी के मुताबिक, अगर WhatsApp Web का कोई सेशन एक्टिव रह जाता है, तो कोई भी बाहरी व्यक्ति आपके अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बना सकता है। इसका नतीजा यह हो सकता है कि कोई दूसरा व्यक्ति आपके नाम से मैसेज भेज सकता है, आपकी चैट्स पढ़ सकता है, कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप्स तक पहुंच बना सकता है। सबसे खतरनाक बात यह है कि आपकी भरोसेमंद पहचान का इस्तेमाल धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों के लिए किया जा सकता है।
इन बातों का रखें खास ख्याल, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान
मंत्रालय ने विशेष रूप से ऑफिस के कंप्यूटर, साझा सिस्टम और सार्वजनिक कंप्यूटरों पर व्हाट्सएप वेब चलाने वालों को आगाह किया है। सरकारी, वित्तीय या किसी भी तरह की गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए व्हाट्सएप वेब का उपयोग न करने की सलाह दी गई है। साथ ही, संगठनों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने ऑफिस सिस्टम पर इसके इस्तेमाल से बचें।
सुरक्षित रहने के लिए सरकार ने कुछ जरूरी उपाय बताए हैं:
- हमेशा लॉग आउट करें: व्हाट्सएप वेब को स्थायी रूप से लॉग इन न रखें। काम खत्म होने के बाद मैन्युअल रूप से 'लॉग आउट' करें। याद रखें, सिर्फ ब्राउज़र विंडो या टैब बंद करने का मतलब लॉग आउट होना नहीं होता।
- इंकोग्निटो मोड का उपयोग: अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर अस्थायी रूप से इस्तेमाल करना पड़े, तो इंकोग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल करें और अंत में लॉग आउट जरूर करें।
- अपरिचित डिवाइस से बचें: साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी दूसरे से उधार लिए गए कंप्यूटर पर लॉगिन करने से पूरी तरह बचें।
- सतर्क रहें: अगर आपके अकाउंट से कोई ऐसा मैसेज जा रहा है जो आपने नहीं भेजा, या कॉन्टैक्ट्स से अजीब जवाब मिल रहे हैं, तो तुरंत अलर्ट हो जाएं।
- सॉफ्टवेयर अपडेट रखें: अपने ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउज़र और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें और किसी भी संदिग्ध फाइल या क्रैक सॉफ्टवेयर को डाउनलोड न करें।
गृह मंत्रालय का साफ संदेश है: "सतर्क रहें, हर सेशन के बाद लॉग आउट करें और अपनी डिजिटल पहचान को सुरक्षित रखें।"