मेरठ में अनफिट स्कूली वाहनों की मान्यता होगी रद्द और हज यात्रियों के प्रशिक्षकों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

मेरठ में मिशन सेफ फ्यूचर-2.0 अभियान के अन्तर्गत अनफिट स्कूली वाहनों के विरूद्व दिनांक 11 से 25 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान समिति की समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में ऐसे स्कूल, जिनके वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है और तीन बार नोटिस भेजने के बावजूद फिटनेस नहीं करायी गई है, उनके पंजीयन निरस्त करने के साथ उन स्कूलों की मान्यता रद्द करने के निर्देश दिये गये। जिन स्कूलों के परमिट समाप्त हो चुके हैं और तीन बार नोटिस भेजने के बाद भी नवीनीकरण नहीं कराया गया है, उन वाहनों को सीज करने के आदेश दिए गए। साथ ही स्कूलों को नोटिस प्रेषित कर स्कूली बच्चों को सुरक्षित उतारने एवं चढ़ाने हेतु छात्राओं के लिए महिला अटेंडेन्ट और छात्रों के लिए पुरूष अटेंडेन्ट नियुक्त करने के आदेश दिए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मेरठ द्वारा अध्यक्ष महोदय को स्कूली वाहन चालकों के चरित्र सत्यापन में हो रही देरी के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। अध्यक्ष महोदय द्वारा ऐसे वाहन चालकों की सूची परिवहन विभाग, अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं पुलिस विभाग को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। अध्यक्ष महोदय ने स्कूल प्रबन्धकों को कडे निर्देश दिये कि अनफिट स्कूली वाहनों का संचालन किसी भी दशा में छात्र-छात्राओं के आवागमन में न किया जाये और ऐसा पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी। इस बैठक में सुधांशु रंजन, जगदीश शुक्ला, सुमित कुमार, संतोष सिंह, लालसा प्रसाद पाण्डेय, प्रदीप कुमार एवं स्कूलों के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज उपस्थित रहे।
दूसरी ओर, प्र० जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सिद्धान्त शर्मा ने बताया कि हज कमेटी आफ इण्डिया द्वारा सर्कुलर-05 दिनांक 07 अगस्त जारी किया गया है, जो हज यात्रियों को प्रशिक्षण प्रदान किये जाने हेतु प्रशिक्षकों के चयन के लिए ऑनलाईन आवेदन के सम्बन्ध में है। ऑनलाईन आवेदन दिनांक 11 अगस्त 2026 से आरम्भ हो गया है जो दिनांक 23 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा। ऑनलाईन आवेदन हज कमेटी ऑफ इण्डिया की वेबसाईट http://hajcommittee.gov.in पर किया जायेगा और केवल ऑनलाईन आवेदन ही स्वीकार किये जायेगें। कम्पयूटर बेस्ड परीक्षा (सी०बी०टी०) हज कमेटी ऑफ इण्डिया द्वारा 30 अगस्त 2026 को की जाएगी तथा शॉर्टलिस्टेड परीक्षार्थियों का साक्षात्कार 01 से 06 सितम्बर 2026 तक होगा।
चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण मुम्बई में सितम्बर 2026 के अन्तिम सप्ताह में सम्भावित है। 150 हज आवेदकों पर 01 प्रशिक्षक का चयन किया जायेगा और आवेदकों की न्यूनतम शिक्षा इण्टरमीडिएट/12 वीं पास या समकक्ष होना आवश्यक है। स्नातक जिन्हें सूचना तकनीकी का ज्ञान होगा उनको साक्षात्कार में 06 अतिरिक्त अंक दिये जाएंगे। प्रशिक्षक हेतु आयु 07 अगस्त 2026 को 25 वर्ष से 60 वर्ष के मध्य होना आवश्यक है तथा गत पाँच वर्षों में हज किया जाना आवश्यक है। इच्छुक हज आवेदक http://hajcommittee.gov.in पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं और अधिक जानकारी हेतु कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय मेरठ में सम्पर्क कर सकते हैं।