मेरठ: CRK पब्लिक स्कूल की टीचर पर 3 साल की मासूम को पीटने का आरोप, पिता ने की शिकायत

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक तीन साल की मासूम बच्ची को स्कूल में कथित तौर पर बेरहमी से पीटा गया। घटना मेरठ के भवनपुर थाना क्षेत्र में स्थित रसूलपुर औरंगाबाद के CRK पब्लिक स्कूल की बताई जा रही है। बच्ची के पिता ने इस गंभीर मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से की है, जिसमें स्कूल की टीचर और मैनेजर अफशा रानी पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित पिता आदेश कुमार के अनुसार, यह घटना 6 अक्टूबर 2026 की है। जब उनकी छोटी बेटी स्कूल से घर वापस लौटी, तो उसकी हालत देखकर परिवार दंग रह गया। बच्ची के कंधे, हाथ और कोहनी पर चोट के गहरे निशान थे। मासूम ने रोते हुए बताया कि स्कूल में टीचर ने उसे डंडों से पीटा और उसके दाहिने हाथ को जोर से मरोड़ा।
कान की चोट से सुनने में आ रही दिक्कत
शिकायत में यह भी बताया गया है कि मारपीट के दौरान बच्ची के कान में भी गंभीर चोट आई है, जिसकी वजह से अब उसे सुनने में परेशानी हो रही है। एक छोटे बच्चे के साथ इस तरह की बर्बरता ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। फिलहाल, स्थानीय पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस स्कूल प्रबंधन और आरोपी टीचर से पूछताछ कर मामले की सच्चाई जानने की कोशिश कर रही है।