मेरठ में ब्लिंकिट ऑर्डर 5 मिनट लेट होने पर बैंक मैनेजर ने डिलीवरी बॉय को पीटा, सीसीटीवी आया सामने

मेरठ के गंगा सागर इलाके में ब्लिंकिट ऑर्डर की डिलीवरी में 5 मिनट की देरी होने पर एक युवक ने डिलीवरी बॉय की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए Hindi Daily Breakings पर विजिट करें।
- घटना: मेरठ के गंगा सागर इलाके में 'गंगा हाइट्स' बिल्डिंग की घटना।
- आरोपी: ICICI बैंक का मैनेजर बताया जा रहा यमन।
- कार्रवाई: पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की, डिलीवरी बॉय धरने पर बैठे।
घटना की पूरी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज
शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे जब डिलीवरी बॉय 'गंगा हाइट्स' बिल्डिंग पहुंचा, तो लेट होने से नाराज युवक उस पर भड़क गया। गाली-गलौज करते हुए डिलीवरी बॉय को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। डिलीवरी बॉय किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकला और पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामला जिला मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर गंगा सागर इलाके का है। घटना का साढ़े तीन मिनट के सीसीटीवी में डिलिवरी बॉय अमित यादव गंगा हाइट्स बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 110 पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। वह फ्लैट की बेल बजाता है, दरवाजा खुलने पर अंदर से युवक बाहर आता है और दोनों के बीच नोकझोंक होती है। तभी एक महिला भी बाहर आ जाती है, और युवक डिलीवरी बॉय को 10 थप्पड़ और 2 घूंसे मारता है तथा उसे अंदर ले जाता है। बाद में डिलिवरी बॉय रोता हुआ बाहर आता है।
पीड़ित डिलीवरी बॉय का पक्ष और आरोप
ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉय अमित यादव ने बताया कि वह करीब एक साल से डिलिवरी बॉय का काम कर रहा है और साथ में 12वीं की पढ़ाई भी कर रहा है। शुक्रवार को ऑर्डर लेट होने पर कस्टमर का फोन आया था, जिस पर उसने कहा कि ऑर्डर 5 मिनट लेट है। इस पर उन्होंने कहा कि 15 मिनट लेट हो चुका है। अमित ने कहा कि ऐप पर ऑर्डर लेट होने की वजह शो हो रही होगी और ऑर्डर पैक होते ही लेकर आ जाऊंगा, जिस पर उन्होंने कहा कि घर आ जा, फिर बताता हूं। अमित के मुताबिक, घर पहुंचते ही आरोपी ने उसका फोन भी छीन लिया और कहने लगा कि मेरी बीवी के साथ बदतमीजी कर रहा है, तेरे ऊपर रेप का केस लगा दूंगा और तूने उसे छेड़ा है।
पुलिस कार्रवाई और डिलीवरी बॉय्स का धरना
उधर, मारपीट के विरोध में 20 से ज्यादा डिलीवरी बॉय शनिवार सुबह 8 बजे भावनपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने डिलीवरी ऑर्डर लेना भी बंद कर दिया है और उनका कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, वे अपना धरना खत्म नहीं करेंगे। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने कहा कि डिलीवरी बॉय से मारपीट का मामला सामने आया है और डिलीवरी बॉय की तहरीर पर यमन नाम के युवक पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।