मेरठ में एडीजी ने औघड़नाथ मंदिर में किया जलाभिषेक, कांवड़ मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मेरठ जोन मेरठ श्री भानु भास्कर ने पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) मेरठ परिक्षेत्र श्री कलानिधि नैथानी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित श्री बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और श्री राधाकृष्ण जी के दर्शन किए। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
मंदिर परिसर और सुरक्षा का निरीक्षण
इसके बाद ADG एवं DIG ने मंदिर परिसर, बाहर की सुरक्षा व्यवस्था तथा मंदिर में बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांवड़ मार्ग और शिवभक्तों से संवाद
इसके पश्चात ADG मेरठ जोन श्री भानु भास्कर ने जनपद मेरठ के थाना सरूरपुर क्षेत्रांतर्गत पुरा महादेव कांवड़ मार्ग पर टूटी पुलिया डाहर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों से वार्ता कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
पुलिस बल को दिए गए निर्देश
ADG ने कांवड़ मार्ग पर ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को भी ब्रीफ किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।