गाजीपुर लैंडफिल की सफाई में MCD की मुश्किलें बढ़ीं, 2027 की डेडलाइन पर संकट
गाजीपुर लैंडफिल को 2027 तक साफ करने के लक्ष्य में कानूनी अड़चनों और धीमी रफ्तार ने डाली बाधा, CAQM ने जताई नाराजगी।

दिल्ली नगर निगम (MCD) के लिए गाजीपुर लैंडफिल के कचरे के पहाड़ को दिसंबर 2027 तक पूरी तरह साफ करना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। कानूनी पेचीदगियों और ऑपरेशनल दिक्कतों की वजह से इस काम की रफ्तार काफी धीमी हो गई है, जिससे अब समय पर लक्ष्य पूरा होने पर सवालिया निशान लग गया है।
इस पूरी प्रक्रिया में सबसे बड़ा झटका सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश से लगा है, जिसने बायोमाइनिंग के तीसरे चरण के लिए ग्रीनटेक एनवायरन मैनेजमेंट को दिए गए 249 करोड़ रुपये के टेंडर पर रोक लगा दी है। वहीं, दूसरे चरण की बात करें तो अलवाज़ो सॉल्यूशंस जेवी का कॉन्ट्रैक्ट टारगेट पूरा न करने के कारण दिसंबर 2024 में ही खत्म कर दिया गया था, लेकिन फिलहाल यह कंपनी अंतरिम तौर पर काम संभाल रही है।
CAQM ने बताया 'असंतोषजनक', लक्ष्य से काफी पीछे है काम
कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने अपनी हालिया रिपोर्ट में गाजीपुर लैंडफिल की सफाई की प्रगति को 'असंतोषजनक' करार दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली की अन्य लैंडफिल साइट्स के मुकाबले गाजीपुर में काम की रफ्तार सबसे धीमी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो 31 अक्टूबर 2026 तक यहां करीब 69 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा (लेगेसी वेस्ट) बाकी है।
हैरानी की बात यह है कि सालाना 39.12 लाख मीट्रिक टन कचरा प्रोसेस करने के लक्ष्य के मुकाबले अब तक केवल 16.53 लाख मीट्रिक टन कचरा ही साफ हो पाया है, जो तय लक्ष्य का महज 42% है। इस समस्या को और गंभीर बना रहा है यहां हर दिन आने वाला करीब 3,000 मीट्रिक टन नया कचरा।
इस संकट से निपटने के लिए MCD कुल 5,900 टन प्रतिदिन की क्षमता वाले पांच नए वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट लगाने पर काम कर रहा है। इनमें गाजीपुर में 800 टन क्षमता वाला एक प्लांट भी शामिल है। हालांकि, जमीन के आवंटन और साइट तैयार न होने की वजह से इन प्रोजेक्ट्स की डेडलाइन 4 महीने आगे बढ़ा दी गई है, जिसके चलते अब इनके 2027 की शुरुआत तक चालू होने की उम्मीद है।