दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति की बैठक में जनहित के कई अहम प्रस्ताव पास

Kittu Kumari24 September 20262 min read0 viewsDelhi Local
दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति की बैठक में जनहित के कई अहम प्रस्ताव पास

दिल्ली नगर निगम (MCD) स्थायी समिति की गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें जनहित से जुड़े कई प्रस्तावों को पास किया गया। स्थाय़ी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित की गई, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षदों ने अपने-अपने जोन से जुड़े मुद्दे उठाए और सुझाव दिए। बैठक में मुख्य रूप से साफ-सफाई, स्वच्छता कर्मचारियों की कमी, अवैध प्ले स्कूल, सड़कों पर अवैध कब्जे, आवारा पशु, पार्कों के रख-रखाव और बुनियादी नागरिक सुविधाओं पर चर्चा की गई।

अध्यक्षा सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति लोकतांत्रिक बातचीत का एक मंच है। उन्होंने सभी पार्षदों की समस्याओं को नोट किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। शर्मा ने सभी जोन के डिप्टी कमिश्नर को अपने अधिकार क्षेत्र में जर्जर और असुरक्षित इमारतों का सर्वे करने का आदेश दिया। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन इमारतों की नियमित समीक्षा और तय समय में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे हर जोन में तैनात नियमित और संविदा सफाई कर्मचारियों की पूरी लिस्ट तैयार करें ताकि कर्मचारियों की कमी का सही अंदाजा लगाकर उनकी तैनाती की जा सके। इसके अलावा समिति ने एक स्थानीय प्रतिनिधि के इलाके में लंबे समय से बंद पड़ी पार्किंग का मुद्दा भी उठाया। सत्या शर्मा ने निर्देश दिए कि पार्किंग बंद करने के फैसले में स्थानीय ट्रैफिक मैनेजमेंट और जनता की सुविधा का ध्यान रखा जाए और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं।

बैठक के आखिर में सत्या शर्मा ने कहा कि समिति का मकसद सिर्फ प्रस्ताव पास करना नहीं बल्कि जनता की शिकायतों का तय समय में असरदार समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीर कार्रवाई करने और अपने विभागों द्वारा उठाए गए कदमों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment