यमुना को बचाने की जंग: MCD ने पुरानी दिल्ली के 3 अवैध धोबी घाट किए सील

Kittu Kumari20 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
यमुना को बचाने की जंग: MCD ने पुरानी दिल्ली के 3 अवैध धोबी घाट किए सील

राजधानी में यमुना नदी के बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में निगम ने पुरानी दिल्ली इलाके में चल रहे तीन अवैध धोबी घाटों को सील कर दिया है। यह सख्त कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार के सीधे निर्देशों के बाद की गई है, ताकि नदी में गिरने वाले प्रदूषित पानी पर लगाम लगाई जा सके।

बिना ट्रीटमेंट प्लांट के चल रहे थे घाट

निगम द्वारा शहर के 12 अलग-अलग जोन में जब जांच की गई, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि कई धोबी घाट बिना किसी वैध अनुमति के चल रहे थे और उनके पास दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) की मंजूरी भी नहीं थी। सबसे गंभीर बात यह थी कि इन घाटों पर एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) या तो थे ही नहीं, और जहां थे, वहां वे ठीक से काम नहीं कर रहे थे।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि यहाँ ऐसे साबुन और डिटर्जेंट का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के नियमों के अनुरूप नहीं थे। ऐसे केमिकल सीधे नदी के पानी में मिलकर उसे और ज्यादा जहरीला बना रहे थे।

इस लापरवाही पर एक्शन लेते हुए MCD ने संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों की बिजली और पानी की सप्लाई काटने के लिए BSES और दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से संपर्क किया गया है। निगम अब स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अन्य अवैध केंद्रों की पहचान कर उन्हें बंद करने की योजना बना रहा है।

नगर निगम ने दिल्ली के लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई भी अवैध धोबी घाट नजर आता है, तो उसकी सूचना तुरंत अपने जोनल ऑफिस में दें, ताकि यमुना की सफाई के इस अभियान को सफल बनाया जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment