उत्तर पश्चिम दिल्ली में एमसीडी सफाई कर्मचारी की बेरहमी से हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार
उत्तर पश्चिम दिल्ली में पुरानी रंजिश के चलते एमसीडी सफाई कर्मचारी की पत्थरों से हमला कर हत्या की गई। पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा।

राजधानी के उत्तर पश्चिम दिल्ली इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक एमसीडी सफाई कर्मचारी की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने ईंटों और पत्थरों से इतना बेरहमी से हमला किया कि पीड़ित की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 45 वर्षीय विजय प्रकाश के रूप में हुई है, जो एमसीडी में सफाई कर्मचारी थे। यह वारदात महेंद्र पार्क के रामगढ़ इलाके में स्थित डीडीए एलआईजी फ्लैट्स के गेट के पास हुई। वारदात के बाद पुलिस को पीसीआर कॉल मिली, जिसके बाद विजय प्रकाश को तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (BJRM) अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह
पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात आपसी दुश्मनी का नतीजा थी। बताया जा रहा है कि विजय प्रकाश का स्थानीय युवक जोजो के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इस विवाद से बचने और दूरी बनाने के लिए विजय ने जहांगीरपुरी छोड़कर भलस्वा डेयरी में शिफ्ट कर लिया था, लेकिन इसके बावजूद हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया।
डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि महेंद्र पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं की मदद से आरोपियों का पीछा किया और उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने अब तक चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान 22 वर्षीय सुमित, 19 वर्षीय सोनू, 23 वर्षीय राहुल उर्फ सिकांजी और एक अन्य 23 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। हालांकि, इस मामले के मुख्य आरोपी जोजो और अमित अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।