MCD का बड़ा फैसला: 1,467 सफाई कर्मचारी हुए नियमित, दिवाली तक 400 और को मिलेगी राहत

दिल्ली की सफाई व्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले सफाई कर्मचारियों के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक बड़ी खुशखबरी दी है। पिछले दो महीनों के भीतर निगम ने 1,467 सफाई कर्मचारियों को नियमित (Regularise) कर दिया है। मेयर प्रवेष वाही ने सोमवार को एमसीडी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बात की जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा और दिवाली से पहले करीब 400 और कर्मचारियों को नियमित करने की तैयारी है।
मेयर ने बताया कि अक्टूबर महीने में ही 1998-2000 और 2000-2002 बैच के 505 सफाई कर्मचारियों को नियमित किया गया। इसके अलावा, निगम ने मानवीय आधार पर एक सराहनीय कदम उठाते हुए उन सफाई कर्मचारियों के परिजनों को 542 पदों पर दैनिक वेतन भोगी के रूप में नियुक्त किया है, जिन्होंने सेवा के दौरान दम तोड़ दिया था। इसी कड़ी में अक्टूबर में 109 परिजनों को नियुक्तियां दी गईं और 111 असिस्टेंट सैनिटेशन इंस्पेक्टर्स को सैनिटेशन इंस्पेक्टर के पद पर प्रमोट किया गया है।
अगले तीन महीनों में 7,630 कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
नगर निगम का लक्ष्य आने वाले तीन महीनों में लगभग 7,630 सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का है। मेयर प्रवेष वाही ने कहा कि सफाई कर्मचारी बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हुए राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उनके हितों की रक्षा करना और उनके योगदान को पहचानना एमसीडी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह फैसला केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि सालों की कड़ी मेहनत का सम्मान है, जिससे इन कर्मचारियों और उनके परिवारों को रोजगार की स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
इस मौके पर डिप्टी मेयर मोनिका पंत, स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन सत्य शर्मा, सदन के नेता जय भगवान यादव और पर्यावरण प्रबंधन सेवा समिति के चेयरपर्सन संदीप कपूर भी मौजूद रहे। मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में निगम कर्मचारियों के कल्याण और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर काम कर रहा है।