MCD Mini Football League: दिल्ली के प्राइमरी स्कूली बच्चों के लिए फुटबॉल लीग की शुरुआत
दिल्ली नगर निगम ने प्राइमरी स्कूल के बच्चों के लिए पहली बार मिनी फुटबॉल लीग शुरू की है। इसमें 1200 से ज्यादा बच्चे हिस्सा ले रहे हैं।

दिल्ली के छोटे बच्चों के लिए खेल का मैदान अब और भी रोमांचक होने वाला है। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने प्राइमरी स्कूल के छात्रों के लिए पहली बार MCD Mini Football League 2026 का आगाज किया है। शनिवार को दिल्ली गेट स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेडियम में मेयर प्रवेश वाही ने इस टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। इस लीग का मकसद बच्चों को मोबाइल स्क्रीन की लत से दूर कर शारीरिक गतिविधियों और खेलों की ओर मोड़ना है।
SITDS के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में 120 और भी ज्यादा नगर निगम स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें करीब 1,200 नन्हे खिलाड़ी शामिल हैं। यह टूर्नामेंट अंडर-9 और अंडर-11 कैटेगरी में लड़कों और लड़कियों, दोनों के लिए आयोजित किया गया है। मेयर प्रवेश वाही ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'खेलो इंडिया' विजन और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप है, जिसे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जा रहा है।
खेल के साथ स्वास्थ्य और अनुशासन पर जोर
इस लीग के जरिए न केवल खेल कौशल को बढ़ावा दिया जा रहा है, बल्कि बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और अनुशासन के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। मेयर ने कहा कि खेल बच्चों में टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले साल इस पहल का विस्तार किया जाएगा और फुटबॉल के साथ-साथ कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस और क्रिकेट जैसे खेलों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने बताया कि छोटे बच्चों की क्षमता को देखते हुए मैच का फॉर्मेट खास रखा गया है। हर मैच कुल 35 मिनट का होगा, जिसमें 15-15 मिनट के दो हाफ और बीच में 5 मिनट का ब्रेक होगा। प्रतियोगिता के अंत में जीतने वाली टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
टूर्नामेंट के पहले मैच में साउथ जोन की लड़कियों की टीम ने सेंट्रल जोन की टीम को हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस आयोजन को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), निविया, दिल्ली सॉकर एसोसिएशन और स्पोर्ट्स अपना जैसे संस्थानों का समर्थन मिला है। उद्घाटन के मौके पर मेयर के साथ शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, नगर आयुक्त संजीव खिरवार और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।