गौशाला तोड़ने पर MCD इंजीनियर सस्पेंड, CM रेखा गुप्ता ने किया 5 लाख की मदद का ऐलान
दिल्ली के निजयपुर में गौशाला तोड़ने के मामले में जूनियर इंजीनियर सस्पेंड। सीएम रेखा गुप्ता ने दिए जांच के आदेश और 5 लाख की मदद का ऐलान किया।

दिल्ली के बाहरी उत्तरी क्षेत्र के निजयपुर गांव में एक निर्माणाधीन गौशाला को विवादित तरीके से ढहाए जाने के मामले में नगर निगम (MCD) ने सख्त एक्शन लिया है। इस घटना के बाद एमसीडी ने जूनियर इंजीनियर (बिल्डिंग) विकास कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब इस मामले ने तूल पकड़ा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसमें हस्तक्षेप किया।
पूरा मामला तब सामने आया जब स्ट्रीट वर्ल्ड ट्रस्ट की एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट जागृति मिश्रा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। जागृति मिश्रा का आरोप है कि 24 अक्टूबर को बिना किसी आधिकारिक नोटिस के उनकी गौशाला को तोड़ दिया गया। उन्होंने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि जब उन्होंने रिश्वत देने से इनकार किया, तो उनके साथ यह कार्रवाई की गई।
सीएम ने दिए जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए न केवल इंजीनियर को सस्पेंड किया, बल्कि इस पूरी घटना की औपचारिक जांच के आदेश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि इस अवैध तोड़फोड़ के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। साथ ही, उन्होंने गौशाला के पुनर्निर्माण के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिया है।
सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति की जिम्मेदारी नागरिकों की सेवा संवेदनशीलता और ईमानदारी से करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि उनके प्रशासन में नागरिकों के उत्पीड़न या सत्ता के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक जरनैल सिंह ने भी जागृति मिश्रा से मुलाकात की और स्पष्ट किया कि इस कथित रिश्वतखोरी या तोड़फोड़ में पार्टी का कोई हाथ नहीं था। इस बातचीत के बाद जागृति मिश्रा ने अपनी पिछली टिप्पणियों पर खेद जताया, जिनमें उन्होंने एक AAP पार्षद का जिक्र किया था। अब जिला मजिस्ट्रेट को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे गौशाला के निर्माण में जरूरी सहयोग प्रदान करें।