दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति की सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक योगेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई जिसमें छात्र दाखिले, स्कूल रखरखाव, सुरक्षा और बच्चों के विकास पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान समिति ने एक महीने के भीतर 50,000 नए छात्रों के दाखिले का कड़ा लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए घर-घर जाकर अभियान चलाया जाएगा जिसमें शिक्षकों, अभिभावकों और एनजीओ की मदद ली जाएगी। शिक्षकों को हर शनिवार को विशेष दाखिला अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। 75 नए दाखिले कराने वाले शिक्षकों को कॉरपोरेशन टीचर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए समिति ने शिक्षा निदेशक को आदेश दिया।
लगभग 3,000 खाली पदों पर सफाई कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों की भर्ती प्रक्रिया तेज करने को कहा गया। इसके अलावा अनुकंपा के आधार पर नियुक्तियों और सुरक्षा गार्डों के नियमितीकरण के लंबित मामलों को जल्द सुलझाने का आदेश दिया गया।
स्कूलों के पार्कों और हरियाली के रखरखाव की भी समीक्षा की गई जिसके लिए माली की संख्या तय करने को कहा गया है।
स्कूलों की इमारतों, कक्षाओं, शौचालयों, पीने के पानी और बिजली की व्यवस्था की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत खेलकूद को बढ़ावा देने का प्रस्ताव पास हुआ। इसके तहत खेल बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा और एमसीडी मिनी लीग जैसी प्रतियोगिताएं शुरू होंगी।
योगेश वर्मा ने घोषणा की कि हर स्कूल में साफ पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य हैं। इन मानकों को पूरा न करने पर संबंधित प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी तय होगी।
मिड-डे मील योजना की गुणवत्ता सुधारने के लिए नई टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आदेश दिया गया है। बैठक में उपाध्यक्ष अमित खड़खड़ी, शिक्षा निदेशक निखिल तिवारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।