दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अवैध निर्माण, खतरनाक इमारतों और दिल्ली के मास्टर प्लान तथा बिल्डिंग उपनियमों के उल्लंघन के खिलाफ अपना शहरव्यापी अभियान जारी रखा है। निगम सभी 12 जोन में सख्त कार्रवाई कर रहा है ताकि जनसुरक्षा सुनिश्चित हो सके और नियमों का पालन कराया जा सके। इस विशेष अभियान के तहत मंगलवार को सभी 12 जोन में कुल 42 विध्वंस कार्रवाईयां की गईं।
निगम के अनुसार, मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान में
42 जगहों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाली
7 संपत्तियों को सील किया गया और 3 विध्वंस आदेश जारी किए गए। निगम ने बताया कि यह कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार की गई है।
इससे पहले सोमवार को भी एमसीडी ने एक व्यापक अभियान चलाया था। उस दौरान मास्टर प्लान और बिल्डिंग उपनियमों का उल्लंघन करने पर
44 संपत्तियों पर तोड़फोड़ की गई थी और
11 संपत्तियों को सील किया गया था।
मंगलवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में बड़ी कार्रवाई की गई। इनमें मुख्य रूप से
संत नगर, न्यू अशोक नगर, लक्ष्मी नगर, तेलीवाड़ा, शाहदरा, गीता कॉलोनी, राम नगर, जगतपुर, सोनिया विहार, दिलशाद गार्डन, देव नगर, बापा नगर, फैज रोड, सेक्टर-14 द्वारका, पालम फार्म्स, अवंतिका, सेक्टर-1 रोहिणी और शकूरपुर शामिल हैं।
एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि उसके क्षेत्र में अवैध निर्माण और नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम ने सभी जोनल अधिकारियों को सख्त निगरानी रखने और नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निगम के मुताबिक यह अभियान सभी 12 जोन में लगातार जारी रहेगा।