ओल्ड दिल्ली में MCD और दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, हटाया गया अवैध अतिक्रमण
ओल्ड दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में MCD और दिल्ली पुलिस ने चलाया बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई अवैध ढांचे ढहाए।

पुरानी दिल्ली की तंग गलियों और सड़कों पर चलने वाले लोगों को बड़ी राहत दिलाने के लिए रविवार, 22 नवंबर 2026 को नगर निगम (MCD) और दिल्ली पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाया। इस बड़े एक्शन के तहत ओल्ड दिल्ली के कई इलाकों से अवैध कब्जों और बाधाओं को हटाया गया, ताकि सड़कों और फुटपाथों पर यातायात सुचारू हो सके और पैदल चलने वालों को आसानी हो।
यह पूरी कार्रवाई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में 20 नवंबर को हुई इंद्रप्रस्थ हेरिटेज रिडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की उच्च स्तरीय बैठक के बाद की गई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक जाम, अवैध अतिक्रमण और ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन पर गहरी चिंता जताई थी और तुरंत सुधार के निर्देश दिए थे। सीएम के आदेशों का असर यह हुआ कि महज 24 घंटे के भीतर ही जमीन पर कार्रवाई शुरू हो गई।
इन इलाकों में चला पीला पंजा
अभियान के दौरान प्रशासन ने पुली मिठाई, पीली कोठी, रानी अवंतिका चौक, तीस हजारी और खारी बावली जैसे प्रमुख इलाकों को टारगेट किया। अधिकारियों ने यहां कई ऐसे अवैध ढांचों को ध्वस्त किया जो दशकों से वहां खड़े थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे के प्रति उनकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति है।
खास तौर पर पुली मिठाई रेलवे ब्रिज के आसपास के क्षेत्र को "नॉन-स्क्वाटिंग ज़ोन" घोषित किया गया है, जहां किसी भी तरह की वेंडिंग गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। सर्टिफिकेट ऑफ वेंडिंग रखने वालों को भी इस नियम का पालन करने की औपचारिक सूचना दे दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा। आने वाले दिनों में चांदनी चौक और चर्च मिशन रोड जैसे बड़े व्यावसायिक रास्तों पर भी इसी तरह की सख्ती की जाएगी ताकि शहर की ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सके।