दिल्ली मेयर परवेश वाही ने मृत कर्मचारियों के 46 आश्रितों को दी सरकारी नौकरी
दिल्ली मेयर परवेश वाही ने मृत कर्मचारियों के 46 आश्रितों को एमसीडी के पब्लिक हेल्थ विभाग में नियुक्तियां दीं।

दिल्ली के मेयर परवेश वाही ने सोमवार को एक भावुक और राहत देने वाले कदम के तहत नगर निगम के उन 46 कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे, जिन्होंने सेवा के दौरान दुनिया को अलविदा कह दिया था। ये सभी नियुक्तियां अनुकंपा के आधार पर की गई हैं और इन सभी युवाओं को पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट में एमटीएस (पब्लिक हेल्थ) के पद पर तैनात किया गया है। यह पूरा कार्यक्रम निगम मुख्यालय स्थित सत्यनारायण बंसल ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जहां नियुक्ति पत्र पाकर परिवारों के चेहरों पर खुशी दिखी।
कर्मचारियों के कल्याण के लिए एमसीडी प्रतिबद्ध: मेयर
इस मौके पर मेयर परवेश वाही ने स्पष्ट किया कि दिल्ली नगर निगम (MCD) अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में कर्मचारियों के परिजनों का साथ देना निगम की बुनियादी जिम्मेदारी है। मेयर ने कुछ अन्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मदद से 'समान काम, समान वेतन' के सिद्धांत पर 4,000 एमटीएस कर्मचारियों के वेतन जारी किए गए हैं। इसके अलावा, निगम ने 1,467 सफाई कर्मचारियों को नियमित कर उन्हें सुरक्षा प्रदान की है।
परवेश वाही ने आगे कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला एमसीडी प्रशासन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की लीडरशिप में कर्मचारियों के अधिकारों को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कर्मचारियों को शहर की नागरिक सुविधाओं की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया, जिनके बिना शहर की साफ-सफाई और अन्य सार्वजनिक सेवाएं सुचारू रूप से नहीं चल सकतीं।
इस कार्यक्रम में डिप्टी मेयर डॉ. मोनिका पंत, सदन के नेता जय भगवान यादव, डीडीए सदस्य राजीव बब्बर और निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक रावत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।