मोलरबंद पहुंचे एमसीडी कमिश्नर संजीव खिरवार, बदहाल सुविधाओं को सुधारने के दिए सख्त निर्देश

दिल्ली नगर निगम (MCD) के कमिश्नर संजीव खिरवार ने गुरुवार को मोलरबंद इलाके का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इलाके में सफाई व्यवस्था, जलभराव, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अतिक्रमण जैसी गंभीर समस्याओं का जायजा लिया। कमिश्नर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि नागरिक समस्याओं के लिए अब केवल अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि स्थायी और प्रभावी कदम उठाए जाएं।
स्कूल की मरम्मत और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
दौरे के दौरान संजीव खिरवार मोलरबंद गांव स्थित एमसीडी प्राइमरी स्कूल पहुंचे। वहां उन्होंने पाया कि कुछ कमरों की हालत काफी खराब है और उन्हें तुरंत मरम्मत की जरूरत है। छात्रों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि अगले सोमवार तक मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाए। जब तक काम चल रहा है, बच्चों को किसी सुरक्षित वैकल्पिक जगह पर शिफ्ट किया जाए ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल परिसर में एक पार्क विकसित करने का भी आदेश दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कमिश्नर ने मोलरबंद एक्सटेंशन में एमसीडी प्राइमरी स्कूल के पास पोर्टा-केबिन कॉम्प्लेक्स में एक डिस्पेंसरी खोलने की संभावनाओं पर चर्चा की, ताकि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।
सफाई व्यवस्था की बात करें तो ताजपुर पहाड़ी माइन्स और मोलरबंद की सड़कों पर जमा कचरे और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने और कचरे को तुरंत हटाने के निर्देश दिए। वहीं, जैतपुर रोड पर होने वाले जलभराव को रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की तकनीकी समीक्षा करने और इसका स्थायी समाधान निकालने को कहा।
शहीद बिजेंद्र सिंह चौक पर उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने और अवैध स्ट्रीट वेंडर्स व अतिक्रमण को हटाने के आदेश दिए। इस निरीक्षण के दौरान पार्षद हेमचंद गोयल, सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नर डॉ. सचिन गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कमिश्नर ने साफ किया कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल होना चाहिए और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा होना अनिवार्य है।