MCD ने मनाया नेशनल यूनिटी डे, कुतुब मीनार में निकाली हेरिटेज यूनिटी वॉक
MCD ने सरदार पटेल की जयंती पर नेशनल यूनिटी डे मनाया। कुतुब मीनार में हेरिटेज वॉक और स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

दिल्ली नगर निगम (MCD) के शिक्षा विभाग ने 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को नेशनल यूनिटी डे बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस खास मौके पर बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना जगाने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कुतुब मीनार परिसर में आयोजित 'हेरिटेज यूनिटी वॉक' मुख्य आकर्षण रहा।
कुतुब मीनार परिसर में आयोजित इस वॉक में MCD प्राइमरी स्कूल के छात्रों, स्टार पेरेंट्स, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (SMC) के सदस्यों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। साथ ही शहीद भगत सिंह कॉलेज (इवनिंग) के NSS स्वयंसेवकों ने भी इसमें शिरकत की। इस पैदल यात्रा का मकसद छात्रों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराना और सरदार पटेल के 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के सपने को साकार करने की प्रेरणा देना था।
स्कूलों में गूंजे देशभक्ति के तराने, क्विज और पोस्टर मेकिंग का आयोजन
सिर्फ कुतुब मीनार ही नहीं, बल्कि MCD के सभी नगर निगम स्कूलों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस की धूम रही। स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां छात्रों ने देशभक्ति गीत गाए और राष्ट्रीय एकता पर आधारित क्विज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इसके अलावा, बच्चों ने पोस्टर मेकिंग और शपथ ग्रहण समारोह के जरिए विविधता में एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
MCD की शिक्षा निदेशक आयुषी ने शेख सराय फेज-II के प्राइमरी स्कूल और साकेत के जी-ब्लॉक स्थित निगम श्री विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने छात्रों के साथ संवाद किया और उन्हें बताया कि देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों को आपसी सम्मान, सहयोग और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि एक समावेशी और प्रगतिशील भारत का निर्माण हो सके।
इन आयोजनों के माध्यम से MCD ने यह संदेश देने की कोशिश की कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और नई पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना और जिम्मेदार नागरिकता के गुणों को विकसित करना बेहद जरूरी है।