पुरानी दिल्ली के पुल मिठाई और पीली कोठी इलाके में MCD का बड़ा एक्शन, हटाया गया अतिक्रमण
पुरानी दिल्ली के पुल मिठाई और पीली कोठी इलाके में MCD ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, हटाया गया अवैध कब्जा।

पुरानी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात और पैदल चलने वालों की राह आसान करने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने शनिवार को एक बड़ा अभियान चलाया। MCD के पुराने दिल्ली ज़ोन ने पुल मिठाई और पीली कोठी इलाके के वार्ड 72, 73 और 74 में बड़े पैमाने पर एंटी-एनक्रोचमेंट ड्राइव चलाई, जिसके तहत अस्थायी और स्थायी दोनों तरह के अवैध कब्जों को हटाया गया।
यह पूरी कार्रवाई सुबह 8 बजे शुरू हुई। इस अभियान को सफल बनाने के लिए MCD ने भारी मशीनरी और मैनपावर तैनात की थी, जिसमें तीन JCB मशीनें, चार ट्रक और लाइसेंसिंग व सैनिटेशन विभाग की टीमें शामिल थीं। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अभियान में मदद के लिए दिल्ली पुलिस के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट डीसीपी कार्यालय के समन्वय से भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
पुल मिठाई रेलवे ब्रिज क्षेत्र अब 'नॉन-स्क्वैटिंग ज़ोन'
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पुल मिठाई रेलवे ब्रिज के आसपास के पूरे इलाके को 'नॉन-स्क्वैटिंग ज़ोन' घोषित कर दिया गया है। इसका मतलब है कि अब इस क्षेत्र में किसी भी तरह की वेंडिंग या दुकान लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। MCD ने सभी सर्टिफिकेट होल्डर्स (वेंडर्स) को औपचारिक नोटिस जारी कर सख्त हिदायत दी है कि वे इस ज़ोन में व्यापार न करें और नियमों का पूरी तरह पालन करें।
अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई केवल एक बार की घटना नहीं है। निगम इस इलाके की लगातार निगरानी करेगा ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो। इस अभियान को पूरा करने के लिए अगले दिन भी कार्रवाई जारी रखने की योजना है, ताकि लक्षित क्षेत्र को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त किया जा सके।