मयूर विहार: क्लासरूम में अचानक गिरी 9 साल की छात्रा, मौत से मचा हड़कंप

दिल्ली के मयूर विहार में क्लासरूम में अचानक गिरकर 9 साल की छात्रा की मौत हो गई। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए जांच कर रही है।

Kittu Kumari4 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
मयूर विहार: क्लासरूम में अचानक गिरी 9 साल की छात्रा, मौत से मचा हड़कंप

दिल्ली के मयूर विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक 9 साल की मासूम बच्ची की स्कूल के अंदर ही मौत हो गई। बुधवार को क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान बच्ची अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद स्कूल परिसर में सन्नाटा और परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस को सुबह करीब 9:52 बजे एक पीसीआर कॉल के जरिए इस हादसे की सूचना मिली। जानकारी के मुताबिक, बच्ची को तुरंत निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस अब इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके।

CCTV फुटेज में कैद हुए आखिरी पल

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पुलिस ने स्कूल के क्लासरूम और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में देखा गया कि बच्ची क्लास में दाखिल होती है और अचानक अपनी कमर पर हाथ रखती है और अगले ही पल जमीन पर गिर जाती है। टीचर ने तुरंत उसे उठाने की कोशिश की और कुर्सी पर बिठाने का प्रयास किया, लेकिन बच्ची पूरी तरह बेहोश हो चुकी थी। इसके बाद टीचर कुछ सेकंड के लिए बाहर गई और फिर वापस आकर बच्ची को कमरे से बाहर ले गई।

अन्य फुटेज में बच्ची को अन्य छात्रों के साथ सीढ़ियां चढ़ते और स्कूल के अंदरूनी हिस्से में बच्चों के साथ खेलते हुए देखा गया है। शुरुआती जानकारी में इस दुखद घटना की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रशासन के बयान दर्ज किए जाने बाकी हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच जारी है ताकि यह साफ हो सके कि वास्तव में उस समय क्या हुआ था।

Share:

Comments

Leave a comment