दिवाली-ईद विवाद: मौलाना रशीदी ने BJP और कांग्रेस को घेरा, कहा- वोट बैंक के लिए खेल रहे दोनों दल

ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के प्रमुख मौलाना रशीदी ने दिवाली और ईद पर BJP और कांग्रेस के बयानों को वोट बैंक की राजनीति बताया है।

Kittu Kumari12 November 20262 min read0 viewsNational
दिवाली-ईद विवाद: मौलाना रशीदी ने BJP और कांग्रेस को घेरा, कहा- वोट बैंक के लिए खेल रहे दोनों दल

देश में त्योहारों के बीच अब शब्दों की जंग छिड़ गई है। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIAA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने दिवाली और ईद को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रहे विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। मौलाना रशीदी का सीधा आरोप है कि दोनों ही राजनीतिक पार्टियां केवल अपने वोट बैंक को मजबूत करने के लिए नपे-तुले और सोचे-समझे बयान दे रही हैं।

दरअसल, यह पूरा मामला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिवाली की शुभकामनाओं के दौरान दिवाली को "खुशियों की ईद" कहने से शुरू हुआ। इस बयान के बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने खड़गे की आलोचना करते हुए कहा कि यह भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अनादर है। त्रिवेदी ने यह भी सवाल उठाया कि जब खड़गे कर्नाटक से हैं, तो वे 'उत्सव' या 'हब्बा' जैसे शब्दों के बजाय 'ईद' शब्द का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं।

धार्मिक त्योहारों का राजनीतिकरण गलत: मौलाना रशीदी

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मौलाना रशीदी ने इस पूरे घटनाक्रम पर बोलते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजनीति में लंबा समय बिताया है, ऐसे में उनके लिए दिवाली के साथ ईद का जिक्र करने की कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे ने मुस्लिम वोटों को लुभाने के लिए ऐसा किया। वहीं, उन्होंने सुधांशु त्रिवेदी पर भी निशाना साधा और कहा कि त्रिवेदी का यह दावा कि "भारतीय समाज में ईद की कोई जगह नहीं है", हिंदू मतदाताओं को ध्रुवीकृत करने की एक कोशिश है।

मौलाना ने सवाल उठाते हुए कहा कि आजादी से पहले भी हिंदू भाइयों ने ईद को 'ईद' ही कहा है। उन्होंने तर्क दिया कि भले ही ईद एक अरबी शब्द हो, लेकिन क्या इसका मतलब यह है कि यह हमारी संस्कृति या भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं है?

बता दें कि इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब 7 नवंबर को मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिवाली की बधाई देते हुए देशवासियों से शांति और एकता बनाए रखने की अपील की थी और दिवाली को खुशियों की ईद बताया था। भाजपा ने इसे परंपराओं का अपमान करार दिया, जिसके बाद अब धार्मिक संगठनों ने भी इस पर अपनी राय रखनी शुरू कर दी है।

Share:

Comments

Leave a comment