मैरी कॉम की मुश्किलें बढ़ीं, पूर्व पति ने साकेत कोर्ट में दर्ज कराई मानहानि की शिकायत

Kittu Kumari9 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
मैरी कॉम की मुश्किलें बढ़ीं, पूर्व पति ने साकेत कोर्ट में दर्ज कराई मानहानि की शिकायत

ओलंपिक पदक विजेता और मशहूर मुक्केबाज मैरी कॉम एक नए कानूनी विवाद में फंस गई हैं। उनके पूर्व पति करोंग ओन्खोलेर ने दिल्ली की साकेत कोर्ट में उनके खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मैरी कॉम ने एक टीवी इंटरव्यू के दौरान उनके बारे में झूठे और अपमानजनक बयान दिए, जिससे उनकी सामाजिक छवि को गहरा धक्का लगा है।

यह मामला अब न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) शिवम गुप्ता की अदालत में है, जहां प्री-समनिंग साक्ष्यों के लिए सुनवाई होनी है। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 19 नवंबर की तारीख तय की है। करोंग ओन्खोलेर ने यह शिकायत अपने वकीलों आकाश कृष्णा और प्रगति शर्मा के जरिए पेश की है।

करियर की कुर्बानी और टीवी बयानों पर विवाद

अदालत में दायर शिकायत के मुताबिक, करोंग और मैरी कॉम की शादी 12 मार्च 2005 को हुई थी और वे फरीदाबाद में एक साथ रहते थे। हालांकि, 20 दिसंबर 2023 को पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत उनका तलाक हो गया। करोंग का दावा है कि उन्होंने मैरी कॉम के पेशेवर करियर को आगे बढ़ाने के लिए अपने खुद के करियर और पेशेवर लक्ष्यों की कुर्बानी दी थी। उन्होंने कहा कि मैरी कॉम ने टीवी पर यह दावा किया कि उनका कोई करियर नहीं था और वे कभी रोजगार में नहीं रहे, जो पूरी तरह गलत है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तलाक के बाद 11 जनवरी को एक लोकप्रिय टीवी प्रोग्राम में मैरी कॉम ने जानबूझकर ऐसे बयान दिए जिससे करोंग की छवि एक बेईमान, बेरोजगार और शराब पर निर्भर व्यक्ति की तरह पेश की गई। आरोप यह भी है कि उन्हें वित्तीय रूप से परजीवी बताया गया और उन पर बैंक खातों से पैसे हड़पने तथा बच्चों की जिम्मेदारी से भागने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। करोंग का कहना है कि इन बयानों ने उनके नैतिक चरित्र और एक पिता व पति के रूप में उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर रूप से चोट पहुंचाई है, जो भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 356 के तहत मानहानि की श्रेणी में आता है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment