मैरी कॉम को दिल्ली कोर्ट का नोटिस, पूर्व पति ने लगाया मानहानि का आरोप
दिल्ली की साकेत कोर्ट ने बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम को पूर्व पति द्वारा दायर मानहानि मामले में नोटिस जारी किया है।

दुनिया की मशहूर बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम एक कानूनी मुश्किल में फंसती नजर आ रही हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उनके पूर्व पति द्वारा दायर एक मानहानि शिकायत के बाद उन्हें नोटिस जारी किया है। यह मामला एक टीवी इंटरव्यू के दौरान दिए गए बयानों से जुड़ा है, जिसे मैरी कॉम के पूर्व पति ने अपनी छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
मामले की पूरी जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता करोंग ओन्खोलेर ने अदालत में आरोप लगाया कि मैरी कॉम ने एक टेलीविजन प्रोग्राम में उनके खिलाफ झूठे और दुर्भावनापूर्ण बयान दिए। शिकायत में कहा गया है कि इन बयानों का मकसद उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना था। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) शिवम गुप्ता ने प्री-समनिंग सबूतों को दर्ज करने के बाद मैरी कॉम को नोटिस जारी किया है, ताकि उन्हें अपनी बात रखने का मौका मिल सके। कोर्ट ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 21 दिसंबर की तारीख तय की है।
करियर की कुर्बानी और रिश्तों में कड़वाहट
अदालत में पेश की गई याचिका में करोंग ओन्खोलेर ने बताया कि उन्होंने 12 मार्च 2005 को मैरी कॉम से शादी की थी और वे दोनों फरीदाबाद में रहते थे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने मैरी कॉम के बॉक्सिंग करियर को आगे बढ़ाने के लिए अपने खुद के करियर और पेशेवर लक्ष्यों का बलिदान दिया। हालांकि, 20 दिसंबर 2023 को एक प्रथागत परंपरा के तहत उनका तलाक हो गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि तलाक के बाद 11 जनवरी 2026 को एक टीवी शो में बतौर मेहमान पहुंचे मैरी कॉम ने ऐसे बयान दिए, जिससे आम दर्शकों के बीच उनकी छवि एक बेईमान, बेरोजगार, आर्थिक रूप से निर्भर और शराब का आदी व्यक्ति की बन गई। याचिका में यह भी कहा गया है कि मैरी कॉम ने उन पर बैंक खातों से पैसे हड़पने और बच्चों की जिम्मेदारी से भागने जैसे गंभीर आरोप लगाए, जिससे उनकी नैतिक छवि और समाज में सम्मान कम हुआ है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 356 के तहत दर्ज किया गया है।