गुरुग्राम: मारुति ने 2036 की कारों के लिए बुलाए दिग्गज डिजाइनर, 'डिजाइनेक्सथॉन' में उकेरा भविष्य
मारुति सुजुकी के डिजाइनेक्सथॉन में 450 डिजाइनरों ने 2036 की कारों की कल्पना की। विजेता टीम को मिली इंटर्नशिप और नकद पुरस्कार।

क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि साल 2036 में हमारी सड़कें कैसी दिखेंगी और हम किस तरह की गाड़ियों में सफर करेंगे? इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने अपने फ्लैगशिप ऑटोमोटिव डिजाइन कॉम्पिटिशन 'डिजाइनेक्सथॉन' का आयोजन किया। गुरुग्राम स्थित कंपनी के इंडिया डिजाइन स्टूडियो में इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले हुआ, जहां भविष्य की मोबिलिटी को लेकर बेहद दिलचस्प और इनोवेटिव आइडियाज सामने आए।
इस प्रतियोगिता के दूसरे एडिशन में भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों के भी 70 से ज्यादा प्रतिष्ठित डिजाइन संस्थानों के करीब 450 छात्रों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इन युवा डिजाइनरों को एक चुनौतीपूर्ण टास्क दिया गया था—एक ऐसी आइकॉनिक गाड़ी डिजाइन करना, जिसे आज की 'जेन-जेड' और 'जेन अल्फा' पीढ़ी साल 2036 में खरीदना चाहे। कई राउंड की मेंटरशिप और कड़े मूल्यांकन के बाद टॉप 10 टीमें फाइनल तक पहुंचीं, जिन्होंने 18 स्केल प्रोटोटाइप के जरिए अपने कॉन्सेप्ट्स पेश किए।
विजेताओं को मिला इंटर्नशिप का सुनहरा मौका
मुकाबले में 'टीम आईईडी टोरिनो' ने बाजी मारी और विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ डिजाइन (NID), गांधीनगर की दो टीमों ने पहले और दूसरे रनर-अप के तौर पर अपनी जगह बनाई। इन टॉप तीन टीमों को न केवल नकद पुरस्कार दिए गए, बल्कि उन्हें मारुति सुजुकी के इंडिया डिजाइन स्टूडियो में छह महीने की इंटर्नशिप करने का शानदार मौका भी मिला है। इसके अलावा, चौथे से दसवें स्थान पर रहने वाले फाइनलिस्ट्स को भी मूल्यांकन के बाद इंटर्नशिप के लिए विचार किया जाएगा।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हिसाशी ताकेउची ने इस मौके पर कहा कि ग्राहकों की जीवनशैली और ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी तेजी से बदल रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा पैसेंजर व्हीकल मार्केट है और यहां के युवाओं में क्रिएटिविटी की जबरदस्त क्षमता है। कंपनी का मकसद ओपन इनोवेशन को बढ़ावा देना और भारत में एक मजबूत डिजाइन इकोसिस्टम तैयार करना है, ताकि भविष्य की मोबिलिटी को नई दिशा मिल सके।