पराली जलाने पर घमासान: सिरसा ने पंजाब CM भगवंत मान को घेरा, लगाया झूठ बोलने का आरोप
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने पंजाब सीएम भगवंत मान पर पराली जलाने के आंकड़ों को लेकर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।

दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है और इसके साथ ही राजनीतिक पारा भी चढ़ गया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिरसा का कहना है कि मुख्यमंत्री मान पराली जलाने और धान की कटाई को लेकर जनता और सरकार से झूठ बोल रहे हैं। यह बयान उन्होंने गुरुवार को शास्त्री पार्क स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के दौरे के दौरान दिया।
मंजींदर सिंह सिरसा ने मुख्यमंत्री के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पंजाब में अभी धान की कटाई शुरू नहीं हुई है। सिरसा ने राज्य के आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि पंजाब में करीब 70 प्रतिशत कटाई का काम पहले ही पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि अकेले 3 नवंबर को पंजाब में पराली जलाने की 584 घटनाएं दर्ज की गईं, जो अब तक का सबसे उच्चतम आंकड़ा है। इसी वजह से दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 से 400 के खतरनाक स्तर के करीब पहुंच गया है।
प्रदूषण के आंकड़ों ने खोली पोल
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारणों पर चर्चा करते हुए सिरसा ने कुछ चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए। उन्होंने कहा कि पंजाब के बठिंडा में AQI 1100 के पार चला गया है, जबकि तलवंडी साबो में यह 1000 से अधिक दर्ज किया गया। दिल्ली की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को यहां का AQI महज 60 था, जो 31 अक्टूबर तक बढ़कर 117 हो गया।
सिरसा ने तर्क दिया कि इन दो दिनों के भीतर दिल्ली में न तो कोई नया निर्माण कार्य शुरू हुआ, न ही नई गाड़ियां आईं और न ही कोई नई इंडस्ट्री लगी। ऐसे में प्रदूषण में यह अचानक आई तेजी सीधे तौर पर पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने से जुड़ी है। उन्होंने दुख जताया कि दिल्ली के निवासियों ने पिछले एक साल में जिस मेहनत से हवा की गुणवत्ता सुधारी थी, वह महज चार दिनों में पूरी तरह बर्बाद हो गई।