मंगोलपुरी की जूते फैक्ट्री में भीषण आग, 4 मजदूरों की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल

मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया की एक जूते बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग में 4 लोगों की मौत हो गई और 2 घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Kittu Kumari30 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
मंगोलपुरी की जूते फैक्ट्री में भीषण आग, 4 मजदूरों की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल

देश की राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां फेज-1 स्थित एक जूते बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें 4 लोगों की जान चली गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे लोग अचानक धुएं और लपटों के बीच घिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री के अंदर घना धुआं भर गया था, जिससे मजदूरों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद फैक्ट्री के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। इन सभी को तुरंत मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उनमें से चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

बेसमेंट से शुरू हुई आग, ऊपरी मंजिलों पर फैला धुआं

फायर ऑफिसर एडीओ पारस कुमार ने बताया कि आग की शुरुआत फैक्ट्री के बेसमेंट से हुई थी। गनीमत यह रही कि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को बेसमेंट तक ही सीमित कर दिया, जिससे वह पूरी इमारत में नहीं फैली। हालांकि, धुएं का गुबार तेजी से ऊपर की ओर बढ़ा। बचाव टीम ने एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से रेस्क्यू किया।

इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आउटर डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। साथ ही, ठेकेदार और अन्य मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर कुल कितने मजदूर मौजूद थे। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और कूलिंग प्रोसेस चलाया जा रहा है, जबकि आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment