गुरुग्राम में बड़ा हादसा: पटौदी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे युवक की दर्दनाक मौत

गुरुग्राम के पटौदी रोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन से उतरते समय फिसलकर गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी 32 वर्षीय अरविंद कुमार के रूप में हुई है। इस घटना से स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। अयोध्या निवासी अरविंद कुमार हरियाणा के लोहारू स्थित एक वेयरहाउस में नौकरी करते थे। घटना के समय वह अयोध्या से दिल्ली पहुंचे थे और वहां से पैसेंजर ट्रेन के जरिए लोहारू जा रहे थे। जब शाम के समय यह ट्रेन पटौदी स्टेशन पर रुकी, तो अरविंद नीचे उतरने लगे।