दिल्ली: अशोक डीडीए पार्क के वाटरबॉडी में डूबा शख्स, मौत

राजधानी के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में स्थित अशोक डीडीए पार्क में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक अज्ञात व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर पानी में उतर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। यह घटना बुधवार, 7 अक्टूबर की है, जिसने पार्क में आने वाले लोगों को सुरक्षा नियमों के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
जानकारी के मुताबिक, जिस वाटरबॉडी में यह हादसा हुआ, वह करीब 1.75 एकड़ में फैली है और उसकी गहराई लगभग 10 से 11 फीट है। सुरक्षा के लिहाज से डीडीए ने इस पूरे क्षेत्र के चारों ओर स्टील पोल की फेंसिंग की हुई है और जगह-जगह चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिनमें साफ लिखा है कि पानी में उतरना या तैरना मना है।
गार्ड की कोशिशों के बावजूद हादसा
बताया जा रहा है कि जब वह व्यक्ति फेंसिंग पार कर पानी की ओर बढ़ा, तो वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने उसे रोकने की पूरी कोशिश की। गार्ड ने उसे चेतावनी दी और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन जब तक वह उसके पास पहुँचता, तब तक वह शख्स पानी के अंदर जा चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत बीट ऑफिसर और पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुँचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों ने व्यक्ति के शव को पानी से बाहर निकाला। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। डीडीए ने एक बयान जारी कर कहा कि उनके स्टाफ ने बचाव कार्य में पूरा सहयोग किया। साथ ही प्राधिकरण ने सभी आगंतुकों से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें और सुरक्षा घेरों का सम्मान करें, क्योंकि ये उपाय जानलेवा हादसों को रोकने के लिए ही लगाए गए हैं।