जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर संदिग्ध पाउडर के साथ मलेशियाई कनेक्शन वाला शख्स गिरफ्तार

Kittu Kumari19 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर संदिग्ध पाउडर के साथ मलेशियाई कनेक्शन वाला शख्स गिरफ्तार

दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा है। यह शख्स अपने पास करीब 155 ग्राम एक अज्ञात सुनहरा पाउडर जैसा पदार्थ छिपाकर ले जा रहा था। जब CISF के जवानों ने सामान की जांच की, तो आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे तुरंत दबोच लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद शुऐब के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है, लेकिन उसने खुलासा किया कि वह मलेशिया के कुआलालंपुर में रहता है और वहां टेक्सटाइल सेक्टर में काम करता है। शुऐब ने यह भी बताया कि उसकी पत्नी और दो बच्चे मलेशियाई नागरिक हैं।

अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था संदिग्ध पदार्थ

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

घटना के समय CISF कर्मियों ने एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम (XBIS) की स्क्रीन पर एक संदिग्ध और घना ऑब्जेक्ट देखा। जैसे ही सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, आरोपी एग्जिट गेट की तरफ भागने लगा, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे पकड़ लिया। जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो उसके अंदर रखे एक अंडरगारमेंट में 155 ग्राम सोने जैसे रंग का पाउडर छिपा हुआ मिला।

पूछताछ के दौरान शुऐब ने बताया कि वह 16 अक्टूबर को दिल्ली आया था और जामा मस्जिद इलाके के 'वजीर' नाम के एक होटल में रुका हुआ था। घटना वाले दिन वह जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन से लाजपत नगर जाने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने इस मामले में कस्टम अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया। वहीं, जब इस पदार्थ की जांच नारकोटिक्स विभाग से कराई गई, तो यह नशीला पदार्थ नहीं पाया गया। हालांकि, आरोपी यह साबित करने में नाकाम रहा कि वह यह पाउडर क्यों और कहां से लाया था और न ही उसने इसका कोई कानूनी दस्तावेज पेश किया। फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो पुलिस स्टेशन में दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Share:

Comments

Leave a comment