लोक नायक अस्पताल में सीएम रेखा गुप्ता ने किया नई CT स्कैन और MRI मशीनों का उद्घाटन

दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत लोक नायक अस्पताल में एक डुअल-स्लाइस CT सोर्स 256 स्कैनर और तीन अत्याधुनिक MRI मशीनों का उद्घाटन किया। ये मशीनें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत प्रदान की गई हैं। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री पंकज कुमार सिंह और IOCL के चेयरमैन अरविंदर सिंह सहनी समेत कई दिग्गज मौजूद रहे।
मरीजों को मिलेगी मुफ्त और वर्ल्ड क्लास जांच सुविधा
इन नई मशीनों के आने से अब दिल्ली के सरकारी अस्पताल में विश्व स्तरीय डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह तकनीक इमरजेंसी केयर, कार्डियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और पीडियाट्रिक केयर जैसे गंभीर क्षेत्रों में जांच की क्षमता को बढ़ाएगी। खास तौर पर स्ट्रोक, कैंसर, लिवर, प्रोस्टेट और हड्डियों से जुड़ी बीमारियों का समय पर और सटीक पता लगाने में ये मशीनें मददगार साबित होंगी, जिससे मरीजों को सही समय पर इलाज मिल सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि लोक नायक अस्पताल एक घनी आबादी वाले इलाके में है, जहां हर दिन लाखों मरीज आते हैं। मरीजों की भारी भीड़ और उनकी जरूरत को देखते हुए, इन CT स्कैन और MRI सुविधाओं को पूरी तरह मुफ्त रखा गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अस्पताल में पहले से मौजूद अन्य सुविधाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि माताओं और नवजातों की देखभाल के लिए 'लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट' (मिल्क बैंक) और HIV व हेपेटाइटिस की जांच के लिए NAT मशीन लगाई गई है, जिससे अब टेस्ट महज 48 घंटों में पूरे हो जाते हैं। साथ ही, दुर्लभ बीमारियों के मरीजों के लिए एक समर्पित वार्ड बनाया गया है।
सीएम ने 'अनमोल योजना' पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके तहत जन्म के तुरंत बाद नवजातों के खून की एक बूंद से उनके जेनेटिक विकारों की जांच की जाती है, ताकि समय रहते इलाज शुरू हो सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी नागरिक पैसों की कमी के कारण बेहतर इलाज से वंचित न रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस उनके व्यक्तिगत व्यवहार और पहनावे पर टिप्पणी कर रहे हैं, जबकि उन्हें दिल्ली के विकास कार्यों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार उन प्रणालियों को सुधार रही है जिन्हें पिछली सरकारों ने नजरअंदाज कर दिया था।