पुरानी दिल्ली की नागरिक सुविधाओं का LG ने किया निरीक्षण, कचरा प्रबंधन सुधारने के दिए निर्देश

दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरणजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को पुरानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों का दौरा कर वहां की नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम (MCD) के अधिकारियों को ठोस कचरा प्रबंधन को और अधिक मजबूत करने तथा कचरे के प्रभावी पृथक्करण (segregation) को सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
एलजी ने अपने दौरे के दौरान लाल किले के पास स्थित 'रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल' (RRR) केंद्र, चांदनी चौक के पैदल यात्री क्षेत्र, विजय घाट कबूतर फीडिंग पॉइंट और बेला रोड स्थित इंटीग्रेटेड ट्रांजिट स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुरानी दिल्ली शहर का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक केंद्र है, इसलिए यहां विश्व स्तरीय नागरिक सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है।
विरासत के साथ स्वच्छता पर जोर
उपराज्यपाल ने स्पष्ट किया कि पुरानी दिल्ली की विरासत को सहेजने के साथ-साथ सड़कों की सफाई, बेहतर नागरिक सुविधाएं और एक टिकाऊ शहरी वातावरण का होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ और रहने योग्य पुरानी दिल्ली ही 'विकसित दिल्ली' के सपने को साकार करने में मददगार साबित होगी।
गौरतलब है कि दिल्ली में स्वच्छता को लेकर प्रशासन काफी सक्रिय है। हाल ही में मेयर प्रवेश वाही ने मालवीय नगर मार्केट में एक बड़ा स्वच्छता अभियान चलाया था। उस दौरान मेयर ने कहा था कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। प्रशासन का लक्ष्य दिल्ली को एक स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहर बनाना है, जिसके लिए अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।