दिल्ली में लव कुश रामलीला का आगाज, AI और 3D मैपिंग से सजेगा रावण दहन का मंच

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर रामायण के दिव्य प्रसंगों की गूंज सुनाई देने लगी है। दिल्ली की मशहूर लव कुश रामलीला समिति द्वारा आयोजित इस भव्य उत्सव की शुरुआत हो चुकी है, जिसमें पारंपरिक कहानी के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का शानदार संगम देखने को मिलेगा। इस आयोजन की शुरुआत लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और चांदनी चौक सांसद प्रवीण खंडेलवाल द्वारा भगवान गणेश की पूजा के साथ की गई।
लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने इस साल की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार दर्शकों को एक बिल्कुल अलग अनुभव देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और 3D मैपिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। आयोजन में डिजिटल साउंड सिस्टम के साथ-साथ डेप्थ प्रोजेक्शन (DOP) और एडवांस लाइटिंग का उपयोग किया गया है, ताकि मंच पर हर दृश्य जीवंत लगे।
तकनीक और सितारों का संगम
इस साल की रामलीला में केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि फिल्मी दुनिया के सितारों का भी जलवा रहेगा। अर्जुन कुमार के मुताबिक, राम, लक्ष्मण, सीता और नारद जैसे प्रमुख पात्रों के लिए फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों को लिया गया है। खास बात यह है कि मनोज तिवारी इस साल 'केवट' की भूमिका निभाएंगे।
युद्ध के दृश्यों को रोमांचक बनाने के लिए स्टेज के दोनों तरफ क्रेन लगाए गए हैं, जो भगवान राम और रावण की सेनाओं के रथों को थामेंगे। जब इन दोनों सेनाओं की तलवारें आपस में टकराएंगी, तो वहां चिंगारियां निकलेंगी, जिससे दर्शकों को एक असली युद्ध जैसा अहसास होगा।
कार्यक्रम में शामिल सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भगवान श्री राम का जीवन और उनका दर्शन पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है। वहीं, अभिनेता अरुण बख्शी, जो रावण की भूमिका निभा रहे हैं, ने इस किरदार को निभाने को अपना सौभाग्य बताया। यह भव्य आयोजन 20 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका समापन दशहरा के दिन रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों के दहन के साथ होगा।