स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के लालरिनलियाना हनामते को मिला टीम इंडिया में मौका, न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेंगे
स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के लालरिनलियाना हनामते को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय सीनियर टीम में चुना गया है।

दिल्ली के फुटबॉल प्रेमियों और स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। क्लब के मिडफील्डर लालरिनलियाना हनामते को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली सीरीज के लिए भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम में चुना गया है। मुख्य कोच खालिद जमील द्वारा घोषित 23 सदस्यीय टीम में हनामते को जगह मिली है, जो उनके करियर का एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैच खेलेगी। पहला मुकाबला 12 नवंबर को ऑकलैंड के गो मीडिया स्टेडियम में होगा, जबकि दूसरा मैच 15 नवंबर को क्राइस्टचर्च के वन न्यूजीलैंड स्टेडियम में खेला जाएगा। हनामते का चयन न केवल उनके व्यक्तिगत कौशल की जीत है, बल्कि स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली की उस सोच को भी दर्शाता है जहां उभरते खिलाड़ियों को तराशने और उन्हें बड़े मंच तक पहुँचाने की कोशिश की जा रही है।
क्लब और खिलाड़ी ने जताई खुशी
इस उपलब्धि पर स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के सीईओ ध्रुव सूद ने गर्व जताया। उन्होंने कहा कि क्लब का मकसद केवल आईएसएल (ISL) में मुकाबला करना नहीं है, बल्कि भारतीय फुटबॉल इकोसिस्टम में योगदान देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ऐसा माहौल देना है जिससे वे राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में क्लब के और भी खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वहीं, अपनी खुशी जाहिर करते हुए लालरिनलियाना हनामते ने कहा, "सीनियर नेशनल टीम में दोबारा चुना जाना मेरे लिए गर्व का क्षण है। इससे पहले मैं अंडर-23 स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुका हूं, और यह मेरी यात्रा का एक अहम कदम है। स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली में बिताए समय ने मेरे विकास में बड़ी भूमिका निभाई है और मैं इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए तैयार हूं।"
स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली अब राजधानी में एक ऐसा प्रतिस्पर्धी फुटबॉल माहौल तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है, जो न केवल उच्च स्तर पर मुकाबला करे बल्कि भारतीय फुटबॉल प्रतिभाओं के विकास में भी सार्थक भूमिका निभाए।