लाजपत नगर की चार मंजिला इमारत में भीषण आग, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
लाजपत नगर की एक चार मंजिला इमारत में लगी आग ने कहर मचाया। हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।

दक्षिण दिल्ली के लाजपत नगर-2 इलाके में गुरुवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 1:17 बजे लाजपत नगर थाने को एक पीसीआर कॉल मिली कि बिल्डिंग नंबर G-5 में आग लगी है और कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं। इलाके में गश्त कर रहे हेड कॉन्स्टेबल गजानंद ने भी आग की लपटें देखीं और तुरंत पुलिस बल को अलर्ट किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। इस दौरान बेसमेंट से दो कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। इनमें से गौरव नाम के कर्मचारी को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रेम सिंह शर्मा नाम के दूसरे कर्मचारी को गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
वेल्डिंग कार्य के दौरान भड़की आग की आशंका
जानकारी के मुताबिक, इस चार मंजिला इमारत के बेसमेंट में 'मिलना क्राफ्ट वर्क्स' नाम का ऑफिस और मीडिया हाउस चलता है, जिसे बिल्डिंग के मालिक ही संचालित करते हैं। ऊपरी मंजिलों पर मालिक के रिश्तेदार और अन्य लोग रहते हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हादसे के वक्त बेसमेंट में फायर सेफ्टी उपकरण लगाने का काम चल रहा था और वहां वेल्डिंग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि वेल्डिंग कर रहे दो मजदूरों की मौजूदगी में ही गौरव और प्रेम सिंह वहां मौजूद थे।
डीसीपी साउथ ईस्ट विनीत कुमार ने बताया कि आग अब पूरी तरह बुझ चुकी है, लेकिन हादसे की सटीक वजह का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस अब उस ठेकेदार से पूछताछ करेगी जिसने वेल्डिंग के लिए मजदूर भेजे थे। साथ ही बिल्डिंग मालिक, ठेकेदार और मजदूरों की भूमिका की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा कैसे हुआ।