दिल्ली में कृष्णा दास के कीर्तन का जादू, भक्ति और संगीत में डूबे हजारों लोग
ग्रैमी नॉमिनेटेड कलाकार कृष्णा दास ने दिल्ली के यशोभूमि में अपनी जादुई प्रस्तुति दी, जहां लोग भक्ति और संगीत में लीन नजर आए।

राजधानी दिल्ली के लोग शुक्रवार की शाम एक ऐसी आध्यात्मिक यात्रा पर निकले, जहां संगीत और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्रैमी नॉमिनेटेड कीर्तन कलाकार कृष्णा दास दिल्ली शो में अपनी जादुई प्रस्तुति देने पहुंचे, जिसने यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर के माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। इस कार्यक्रम में हर उम्र के लोग मौजूद थे, जहां बुजुर्गों से लेकर छोटे बच्चों तक, हर कोई संगीत की लहरों में खोया नजर आया।
पूरे हॉल में 'हरे कृष्णा हरे रामा' और 'ओम नमः शिवाय' के मंत्र गूंज रहे थे, जिससे वहां मौजूद लोगों को शांति और सुकून का अहसास हुआ। माहौल इतना प्रभावशाली था कि कई लोग आंखें बंद कर गहरे ध्यान में डूब गए, तो वहीं कुछ भक्त अपनी भक्ति पर काबू नहीं रख पाए और अपनी सीटों से उठकर नाचने लगे।
नीम करोली बाबा के अनुयायी हैं कृष्णा दास
अमेरिका से ताल्लुक रखने वाले कृष्णा दास ने दुनिया भर में हिंदू भक्ति संगीत और कीर्तन को लोकप्रिय बनाया है। वे भारतीय आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के अनुयायी हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसी बड़ी हस्तियां भी लंदन और मुंबई में उनके सत्रों में शामिल हो चुकी हैं।
टीम इनोवेशन कल्चरल द्वारा आयोजित इस भारत दौरे के तहत कृष्णा दास ने दिल्ली से पहले ऋषिकेश की पवित्र वादियों में प्रस्तुति दी थी। अब वे अपने संगीत के जादू के साथ अन्य शहरों का रुख करेंगे। उनके आगामी कार्यक्रमों की सूची इस प्रकार है:
- मुंबई: 25 अक्टूबर
- पुणे: 30 अक्टूबर
- अहमदाबाद: 1 नवंबर
- बेंगलुरु: 4 नवंबर