केएमपी एक्सप्रेसवे पर 18 लाख की लूट: नूंह पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

नूंह पुलिस ने केएमपी एक्सप्रेसवे पर हुई 18 लाख की लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानें क्या था पूरा मामला।

Kittu Kumari23 November 20262 min read0 viewsNCR
केएमपी एक्सप्रेसवे पर 18 लाख की लूट: नूंह पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर हथियार के दम पर हुई 18 लाख रुपये की बड़ी लूट के मामले में नूंह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहम्मदपुर अहीर थाना पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के मोहन नगर निवासी मुकेश और पटौदी के नरहेड़ा निवासी हुकम सिंह उर्फ टिंकू के रूप में हुई है।

यह पूरा मामला तमिलनाडु के इरोड जिले के रहने वाले सूर्या की शिकायत से शुरू हुआ। सूर्या एक ब्रिक्स कंपनी में सुपरवाइजर हैं और उन्हें गुरुग्राम के बिलासपुर से चार ट्रकों की डिलीवरी लेने के लिए भेजा गया था। कंपनी ने इस सौदे के लिए हुकम सिंह और मुकेश के बैंक खातों में कुल 18 लाख रुपये भेजे थे। 19 नवंबर की शाम जब ये तीनों बिलासपुर से तावडू की ओर जा रहे थे, तब केएमपी एक्सप्रेसवे पर कलवाड़ी गांव के पास वारदात को अंजाम दिया गया।

नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

शिकायत के मुताबिक, रास्ते में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उनकी कार को रोका। बदमाशों ने हुकम सिंह और मुकेश से उनके मोबाइल और कार की चाबी छीन ली। इसी बीच एक अन्य बदमाश ने हथियार दिखाकर सूर्या को धमकाया और कार की पिछली सीट पर रखा 18 लाख रुपयों का बैग और सूर्या का मोबाइल लूटकर फरार हो गया।

वारदात के बाद शिकायतकर्ता सूर्या ने हुकम सिंह और मुकेश की भूमिका पर संदेह जताया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और अब इन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस की कोशिश है कि रिमांड के दौरान लूटी गई रकम की बरामदगी की जाए और यह पता लगाया जाए कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment