कीर्ति नगर में बुजुर्ग दंपत्ति को कार से मारी टक्कर, महिला ड्राइवर गिरफ्तार

दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग दंपत्ति को अपनी चपेट में ले लिया। इस हिट एंड रन मामले में दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 49 वर्षीय नवलाविन कौर को गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा 2 अक्टूबर की सुबह करीब 8:45 बजे हुआ, जब बुजुर्ग दंपति मंदिर से वापस लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, 79 वर्षीय दयानंद तंगरा और उनकी 71 वर्षीय पत्नी कुसुम तंगरा आर्य समाज मंदिर रोड पर आर्य समाज मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार हुंडई क्रेटा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे। सीसीटीवी फुटेज में यह पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि गाड़ी ने दंपत्ति को पीछे से टक्कर मारी।
घायलों की हालत स्थिर, पुलिस ने जब्त की कार
हैरानी की बात यह है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी महिला नवलाविन कौर गाड़ी से बाहर निकली और उसने घायलों को देखा, लेकिन मदद करने के बजाय वह मौके से फरार हो गई। हादसे में दयानंद तंगरा के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी कुसुम को मामूली चोटें लगीं। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और 4 अक्टूबर को आरोपी महिला को धर दबोचा। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई क्रेटा को भी जब्त कर लिया है। बताया गया है कि बुजुर्ग दंपत्ति के बच्चे विदेश में रहते हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।