खारी बावली मार्केट में मंदी का साया, सप्लाई चेन की दिक्कतों से बिक्री में 15% की गिरावट
पुरानी दिल्ली के खारी बावली मार्केट में सप्लाई चेन की दिक्कतों और बढ़ती कीमतों के कारण थोक बिक्री में 15% तक की गिरावट आई है।

पुरानी दिल्ली का ऐतिहासिक और एशिया का सबसे बड़ा ड्राई फ्रूट्स व मसालों का बाजार, खारी बावली, इन दिनों आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। दिल्ली किराना कमेटी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस बड़े थोक बाजार में बिक्री में 10 से 15 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है। बाजार में बढ़ती कीमतों और सप्लाई चेन की समस्याओं ने व्यापारियों और खरीदारों दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
दिल्ली किराना कमेटी के अध्यक्ष गंगा बिशन गुप्ता ने बताया कि कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी की वजह से खरीदार अब कम मात्रा में माल खरीद रहे हैं। इसके साथ ही, आयात (इंपोर्ट) की प्रक्रिया में भी काफी अनिश्चितता बनी हुई है। इम्पोर्टर्स को शिपमेंट के शेड्यूल को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है और कई मामलों में बिना डिलीवरी की गारंटी के एडवांस पेमेंट करने को कहा जा रहा है। इन रुकावटों के कारण बाजार में माल की कमी और क्वालिटी में उतार-चढ़ाव का खतरा मंडरा रहा है।
ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में उछाल और भविष्य का अनुमान
नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स काउंसिल इंडिया (NDFC(I)) के अध्यक्ष गुंजन जैन के मुताबिक, इस सेक्टर की सालाना ग्रोथ रेट में भारी गिरावट आने की आशंका है। पिछले सालों में जहां 10 से 15 प्रतिशत की ग्रोथ देखी गई थी, वहीं वित्त वर्ष 2027 के लिए यह घटकर केवल 3 से 4 प्रतिशत या उससे भी कम रह सकती है।
वर्तमान में खारी बावली मार्केट में ड्राई फ्रूट्स के थोक दाम कुछ इस प्रकार हैं:
- बादाम: 650 से 850 रुपये प्रति किलो
- काजू (W320): 700 से 900 रुपये प्रति किलो
- काजू (W240): 900 से 1,200 रुपये प्रति किलो
- पिस्ता: 1,000 से 1,600 रुपये प्रति किलो
- अखरोट: 800 से 1,100 रुपये प्रति किलो
- अंजीर: 800 से 1,200 रुपये प्रति किलो
- किशमिश: 180 से 380 रुपये प्रति किलो
- मखाना (4-सूता): 800 से 1,000 रुपये प्रति किलो
बाजार के जानकारों का कहना है कि ये कीमतें स्थिर नहीं हैं और फसल की आवक, आयात लागत और क्वालिटी के आधार पर इनमें रोजाना बदलाव होता रहता है।