खजूरी खास में भीषण हादसा: ट्रक की चपेट में आई स्कूटी, दो युवकों की मौत
दिल्ली के खजूरी खास में एक कंक्रीट मिक्सर ट्रक और स्कूटी की टक्कर में दो लोगों की जान चली गई। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।

देश की राजधानी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने स्कूटी सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। खजूरी खास सड़क हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों युवक स्कूटी से जा रहे थे और पुराने पुलिस स्टेशन के पास ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस को रात करीब 11:55 बजे इस हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां गंभीर रूप से घायल दो युवक मिले, जिनकी पहचान 30 वर्षीय संतोष (निवासी पक्की खजूरी) और 33 वर्षीय पवन (निवासी गली नंबर 24, खजूरी खास) के रूप में हुई है। इनमें से एक घायल को परिजन जेपीसी अस्पताल ले गए, जबकि दूसरे को पुलिस ने पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल से कंक्रीट मिक्सर ट्रक को बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने सबूत जुटाए ताकि यह पता लगाया जा सके कि दुर्घटना वास्तव में कैसे हुई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
गौरतलब है कि दिल्ली की सड़कों पर भारी वाहनों की लापरवाही से हादसे बढ़ रहे हैं। इससे पहले 17 अक्टूबर को आनंद पर्वत इलाके के डीबीजी रोड पर एक डीटीसी बस ने लोगों को कुचल दिया था, जिसमें एक व्यक्ति की जान गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।