केजरीवाल का E20 इथेनॉल ब्लेंडिंग पर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला, वैज्ञानिक स्टडी सार्वजनिक करने की मांग

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेशनल संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल में E20 इथेनॉल ब्लेंडिंग के मुद्दे पर केंद्र सरकार की आलोचना की है। केजरीवाल ने बयान दिया कि सरकार ने खुद यह बात मानी है कि E20 से आगे इथेनॉल ब्लेंडिंग को बढ़ाने का अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार फिलहाल माहौल शांत होने का इंतजार कर रही है ताकि भविष्य में ब्लेंडिंग को आगे बढ़ाया जा सके। अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि सरकार के "अभी कोई फैसला नहीं" वाले बयान से साफ है कि भविष्य में ऐसा फैसला लिया जा सकता है।
BJP IT सेल के हेड अमित Malviya के गुरुवार को X (पहले Twitter) पर किए गए एक पोस्ट का जवाब देते हुए, केजरीवाल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि हालांकि इस बात की संतुष्टि है कि सरकार ने माना है कि अभी कोई तुरंत फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार भविष्य में बिना किसी पर्याप्त वैज्ञानिक स्टडी या व्यापक आम सहमति के E20 की तरह E50 (50% इथेनॉल ब्लेंड) भी लागू कर सकती है। उन्होंने अंदेशा जताया कि भविष्य में इथेनॉल ब्लेंडिंग को और बढ़ाया जा सकता है।
केजरीवाल ने आगे आरोप लगाया कि सरकार वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और एक्सपर्ट्स की राय को नजरअंदाज करती है और विरोध की आवाजों को दबाने की कोशिश करती है। उन्होंने सवाल किया कि अगर E20 लागू करने से पहले कोई भी वैज्ञानिक स्टडी या टेस्ट किए गए थे, तो उनकी रिपोर्ट्स को अब तक पब्लिक क्यों नहीं किया गया। केजरीवाल ने मांग की कि देश के सामने पूरी तस्वीर साफ करने के लिए सरकार को सभी स्टडी और टेस्ट रिपोर्ट्स को तुरंत सार्वजनिक करना चाहिए।