कालकाजी पार्क में नाबालिग के साथ जन्मदिन पर हैवानियत, FIR में खुले डरावने राज

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की के जन्मदिन के दिन हुई दरिंदगी के मामले में एफआईआर से बड़े खुलासे हुए हैं। यह मामला ANI की रिपोर्ट के अनुसार सामने आया है। पीडिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका जन्मदिन था और वह अपनी सहेली के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन करने गई थी। मंदिर में दर्शन के बाद वे दोनों बाहर आए और कालकाजी मेट्रो स्टेशन के पास से चिप्स और पानी की बोतल खरीदी।
एफ़आईआर के मुताबिक, दोनों ने गेट नंबर 7 से आस्था कुंज पार्क में प्रवेश किया। लड़की ने पुलिस को बताया कि वह इस्कॉन मंदिर भी जाना चाहती थी और पार्क में बैठकर चिप्स खाने के बाद वहां जाने का प्लान था। जैसे ही वे बेंच पर बैठे, 30 से 35 साल के तीन लोग वहां आए और उसके दोस्त को थप्पड़ मारा। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और पार्क में आने पर रोक होने की बात कही।
आरोपियों ने दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए और दोस्त को दूसरी तरफ ले गए। लड़की का आरोप है कि आरोपियों ने उसे झाड़ियों में चलने को कहा और डरने पर आशिफ नाम के शख्स ने उसे काली रंग की बंदूक दिखाई। इसके बाद आरोपियों ने चाकू के बल पर उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन वापस लौटा दिए और जल्दी वहां से जाने को कहा। पीडिता ने पार्क से बाहर आकर अपनी दोस्त को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद पीसीआर को कॉल किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है।