जेएनयू कैंपस में छात्रा से बदसलूकी, दो बाहरी युवक हिरासत में

नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में ताप्ती हॉस्टल के पास सोमवार देर रात एक छात्रा के साथ कथित तौर पर बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना के अनुसार, जब छात्रा साबरमती ढाबा से अपने हॉस्टल लौट रही थी, तब ताप्ती हॉस्टल के पास एक कार में बैठे दो युवकों ने उसे कार में बैठने और शराब पीने का ऑफर दिया। ANI के अनुसार, छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान दोनों युवकों ने उसे परेशान किया। घटना के तुरंत बाद छात्रा ने कैंपस के सुरक्षा गार्ड को इसकी सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस कार्रवाई और बाहरी युवकों के प्रवेश पर सवाल
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में दोनों युवकों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है, हालांकि छात्रा की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में बाहरी युवकों के प्रवेश को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं कि वे अंदर कैसे आए। चूंकि कैंपस की सुरक्षा और प्रवेश नियंत्रण जेएनयू प्रशासन के अधीन है, इसलिए बाहरी लोगों के प्रवेश के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि इन दोनों को अंदर किसने आने दिया और क्या किसी ने उनकी मदद की थी।
कर्नाटक में महिला के साथ दुष्कर्म का मामला
एक अन्य घटना में, कर्नाटक के Yadgir Women Police Station में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में दो रेलवे पुलिस कर्मियों समेत छह लोगों पर एक 22 साल की महिला को कई जगहों पर बंधक बनाकर बार-बार यौन उत्पीड़न और धमकी देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, यह मामला पीड़िता की शिकायत पर दर्ज किया गया है जिसे आपातकालीन कर्मियों ने बचाया था। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 64(1), 64(2), 70(1), 351(3) और 190 के तहत मामला दर्ज किया गया है।